न्यू पालम विहार में नई सड़क बनेगी, पानी-सीवर की लाइन डलेगी

Feb 15, 2026 11:22 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share Share
Follow Us on

- सीवर, सड़क, पानी और बरसाती नालों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू, 10 हजार से अधिक निवासियों को होगा सीधा फायदा

न्यू पालम विहार में नई सड़क बनेगी, पानी-सीवर की लाइन डलेगी

गुरुग्राम, वरिष्ठ संवाददाता। नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) ने न्यू पालम विहार कॉलोनी के निवासियों के लिए खुशियों भरा रोडमैप तैयार कर लिया है। करीब दो साल पहले सरकार द्वारा नियमित की गई इस कॉलोनी में अब बुनियादी ढांचे को पूरी तरह बदलने की तैयारी है। नगर निगम ने विशेष रूप से ब्लॉक सी और डी के कायाकल्प के लिए आठ करोड़ से अधिक का बजट आवंटित किया है। इस बड़ी राशि से क्षेत्र में पानी की लाइन, सीवर सिस्टम और पक्की सड़कों का जाल बिछाया जाएगा। नगर निगम की वित्त एवं संविदा समिति से बजट की अंतिम मंजूरी मिलने के बाद, विभाग ने बिना समय गंवाए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अधिकारियों के मुताबिक, फरवरी के अंत तक टेंडर फाइनल कर लिए जाएंगे और मार्च के पहले सप्ताह से निर्माण कार्य धरातल पर दिखाई देने लगेगा। यह परियोजना न्यू पालम विहार के उन हिस्सों को कवर करेगी जो अब तक विकास की दौड़ में पीछे छूट गए थे। कीचड़, धूल और गंदगी के बीच कट रही थी जिंदगी न्यू पालम विहार कॉलोनी को नियमित तो दो साल पहले कर दिया गया था, लेकिन बजट और योजना के अभाव में यहां के निवासी नारकीय जीवन जीने को मजबूर थे। क्षेत्र में विकास कार्य न होने से लोगों को इन प्रमुख समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। बरसाती नालों का अभाव होने के कारण हल्की सी बारिश में भी ब्लॉक सी और डी की गलियां तालाब बन जाती थीं। घरों के बाहर महीनों तक पानी जमा रहता था। पुरानी और जर्जर सीवर लाइनों के कारण गंदा पानी सड़कों पर बहता था, जिससे उठने वाली दुर्गंध ने लोगों का सांस लेना दूभर कर रखा था। पक्की सड़कें न होने के कारण गर्मियों में उड़ती धूल और बारिश में गहरे गड्ढों व कीचड़ ने आवाजाही को बेहद जोखिम भरा बना दिया था। नियमित जल आपूर्ति का नेटवर्क न होने से लोगों को निजी टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ता था, जो उनकी जेब पर भारी पड़ता था। नगर निगम का यह है मास्टर प्लान निगम आयुक्त प्रदीप दहिया के नेतृत्व में तैयार की गई इस योजना में ब्लॉक सी और डी के 10 हजार से अधिक लोगों की सुविधा का ध्यान रखा गया है। कॉलोनी की सभी मुख्य और आंतरिक गलियों को आरएमसी तकनीक से पक्का किया जाएगा। नई और बड़ी क्षमता वाली सीवर लाइनें डाली जाएंगी ताकि ओवरफ्लो की समस्या जड़ से खत्म हो सके। हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइनों का नया नेटवर्क बिछाया जाएगा। जल निकासी के लिए विशेष बरसाती नालों का निर्माण किया जाएगा ताकि मानसून में जलभराव न हो। निगम अधिकारियों का कहना है कि काम की गुणवत्ता पर पैनी नजर रखी जाएगी और तय समय सीमा के भीतर इसे पूरा करने का लक्ष्य है। इस घोषणा के बाद न्यू पालम विहार के निवासियों में उत्साह का माहौल है और उन्हें उम्मीद है कि इस बार उनके क्षेत्र की सूरत वाकई बदलेगी। न्यू पालम विहार के सी और डी ब्लॉक में सीवर, पानी, सड़क और बरसाती नालों का निर्माण करवाया जाएगा। इसको लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। अगले माह से कॉलोनी में काम शुरू करवा दिया जाएगा। - विजय ढाका, मुख्य अभियंता, नगर निगम, गुरुग्राम।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;