इस साल के अंत तक पूरा होगा निगम के नए कार्यालय का काम
गुरुग्राम में नगर निगम के नए प्रशासनिक मुख्यालय का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने एमजी रोड स्थित निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया और काम को 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए। नया कार्यालय भवन 10 मंजिलों और कई नागरिक सेवाओं के साथ विकसित किया जाएगा।

गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। नगर निगम गुरुग्राम के नए प्रशासनिक मुख्यालय का इंतजार जल्द ही खत्म होने जा रहा है। निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने सोमवार को अधिकारियों की टीम के साथ एमजी रोड स्थित व्यापार सदन, सेक्टर-14 में निर्माणाधीन नगर निगम कार्यालय भवन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित एजेंसी को कड़े निर्देश दिए कि भवन का निर्माण कार्य 31 दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि जनवरी 2027 से नए भवन में निगम का कामकाज पूरी तरह शुरू किया जा सके। बता दें कि यह नया बहुमंजिला कार्यालय भवन लगभग 8580 वर्गमीटर क्षेत्रफल में 184 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है। आधुनिक प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किए जा रहे इस भवन में तीन बेसमेंट सहित कुल 10 मंजिलें होंगी। नए मुख्यालय में पर्याप्त पार्किंग, नागरिक सुविधा केंद्र, प्रदर्शनी क्षेत्र, भव्य सम्मेलन कक्ष, आधुनिक कार्यस्थल और सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी。
ग्राउंड फ्लोर पर ही मिलेंगी सभी नागरिक सेवाएं
नागरिकों की सुविधा के लिए भवन के ग्राउंड फ्लोर पर ही एक विशाल सिटीजन फैसिलिटेशन सेंटर सीएफसी स्थापित किया जाएगा। यहां नागरिकों को संपत्ति कर, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जल एवं सीवर सेवाएं, शिकायत निवारण जैसी तमाम सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी। इसके अलावा परिसर में प्रतीक्षालय, एटीएम, डिस्पेंसरी और सार्वजनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
मेयर कार्यालय से लेकर सभी विंग एक छत के नीचे
भवन की विभिन्न मंजिलों पर महापौर कार्यालय, उपमहापौर कार्यालय, पार्षद कक्ष, वित्त शाखा, लेखा शाखा, आईटी, इंजीनियरिंग विंग, राजस्व विभाग और स्वच्छता शाखा सहित निगम की सभी प्रशासनिक इकाइयों के कार्यालय स्थापित किए जाएंगे। इससे विभिन्न विंग्स के बीच बेहतर तालमेल बनेगा और लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। कर्मचारियों के लिए जिम, क्रेच, मनोरंजन क्षेत्र और आधुनिक कॉन्फ्रेंस रूम भी बनाए जा रहे हैं।
तीन बेसमेंट में होगी 600 से अधिक वाहनों की पार्किंग
परिसर में आने वाले नागरिकों और कर्मचारियों को पार्किंग की समस्या न हो, इसके लिए भवन के तीन बेसमेंट फ्लोर में कुल 411 कारों और 250 दोपहिया वाहनों को पार्क करने की विशाल क्षमता विकसित की जा रही है। इसके अलावा ग्राउंड फ्लोर पर भी पांच अतिरिक्त कार पार्किंग की व्यवस्था होगी। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर जोर देते हुए कहा कि यह भवन नगर निगम के आधुनिक और नागरिक-केंद्रित प्रशासन का प्रतीक होगा। इसके शुरू होने से निगम की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनेगी। निरीक्षण के दौरान उनके साथ चीफ इंजीनियर विजय ढाका, कार्यकारी अभियंता संदीप सिहाग, सलाहाकार गोपाल धीमान और वरिष्ठ भाजपा नेता तिलकराज मल्होत्रा भी उपस्थित रहे।
साधारण प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


