अब कांग्रेस नेता के गोदाम पर चला बुलडोजर
- पिछले चार महीने में तीसरी बार कांग्रेस नेता के निर्माण पर बुलडोजर की कार्रवाई हुई- पिछले चार महीने में तीसरी बार कांग्रेस नेता के निर्माण पर बुलडोजर

गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। गुरुग्राम नगर निगम ने कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता राजेश यादव के गोदाम पर बुधवार को बुलडोजर चलाया। आरोप लगाया कि इस गोदाम को अवैध रूप से बनाया है। कांग्रेस नेता ने इस कार्रवाई को द्वेषपूर्ण बताया। आरोप लगाया कि हरियाणा के एक मंत्री के इशारे पर उनके खिलाफ यह कार्रवाई की जा रही है। सुबह 11 बजे गुरुग्राम नगर निगम का तोड़फोड़ दस्ता भारी संख्या में पुलिस बल लेकर गांव बादशाहपुर में पहुंच गया। इस दौरान ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के रूप में जीएमडीए के डीटीपी आरएस बाठ मौजूद रहे। कांग्रेस नेता ने इस गोदाम को लेकर अदालत में विचाराधीन मामले की जानकारी तोड़फोड़ दस्ते को दी।
उन्हें बताया कि इस मामले को लेकर सुनवाई नौ अप्रैल तय है। आरोप है कि इसके बावजूद तोड़फोड़ दस्ते ने इस गोदाम को मलबे में मिला दिया। करीब तीन घंटे तक तोड़फोड़ की कार्रवाई चली। इससे पहले अक्टूबर माह में गुरुग्राम नगर निगम ने गांव बादशाहपुर में कांग्रेस नेता का फर्नीचर शोरूम मलबे में मिलाया था। इस माह की शुरुआत में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने विरोध के बीच इस नेता का पुश्तैनी मकान जमींदोज किया था। एचएसवीपी अधिकारियों का कहना था कि यह मकान सेक्टर-69 और सेक्टर-70 की मुख्य सड़क के निर्माण के बीच में आ रहा है, जबकि कांग्रेस नेता का कहना था कि उन्हें मुआवजा नहीं मिला है। क्या कहते हैं कांग्रेस नेता वे इस बुलडोजर कार्रवाई से नहीं घबराते हैं। यदि हरियाणा सरकार के इस मंत्री में हिम्मत है तो वे केंद्रीय राज्यमंत्री की तरफ से लगाए जा रहे आरोपों का जवाब इस तरह की कार्रवाई से दें। मंत्री और इसके चहेते अधिकारियों के खिलाफ उनका पोल-खोल अभियान जारी रहेगा। मंत्री से जुड़े कई पार्षदों ने हरित क्षेत्र में बैंक्वेट हॉल और कार्यालय बनाए हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है। इस मंत्री को सिर्फ उनके निर्माण नजर आ रहे हैं। - राजेश यादव, पूर्व प्रवक्ता, कांग्रेस

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




