बिजली कटौती से रैपिड मेट्रो बाधित नहीं होगी, वैकल्पिक कनेक्शन मिलेगा

हिन्दुस्तान, गुड़गांव
Follow us on Google News
share

गुरुग्राम में रैपिड मेट्रो अब बिजली कटौती के कारण बीच सफर में बंद नहीं होगी। एचवीपीएन सेक्टर-57 बिजली घर से सप्लाई शुरू करेगा। पिछले आग हादसे के बाद मॉकड्रिल की तैयारी की जा रही है। बिजली की मांग भीषण गर्मी में बढ़कर 2513 एमवीए तक पहुंच गई है।

बिजली कटौती से रैपिड मेट्रो बाधित नहीं होगी, वैकल्पिक कनेक्शन मिलेगा

गुरुग्राम, दीपक अहूजा। बिजली कटौती की वजह से रैपिड मेट्रो अब बीच सफर में बंद नहीं होगी। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम (एचवीपीएन) की तरफ से रैपिड मेट्रो को सेक्टर-57 स्थित 66केवीए बिजली घर से भी आपूर्ति दी जाएगी। अब तक सेक्टर-28 और सेक्टर-56 से बिजली सप्लाई दी जा रही थी। गत 22 मई को सेक्टर-72 स्थित 400केवी बिजली घर के सर्किट में आग लगने के बाद रैपिड मेट्रो करीब 55 मिनट तक बंद रही थी। यह स्थिति दोबारा नहीं आए, इसके लिए रैपिड मेट्रो को सेक्टर-57 के बिजली घर से जोड़ा जाएगा। सेक्टर-57 के बिजली घर को सेक्टर-72 बिजली घर से जोड़ा जाएगा और सेक्टर-56 के बिजली घर को कादरपुर बिजली घर से जोड़ा जाएगा। ऐसा होने के बाद रैपिड मेट्रो में बिजली कटौती नहीं होगी। एक बिजली घर में यदि दिक्कत आ जाती है तो दूसरे बिजली घर से आपूर्ति जारी रहेगी। एचवीपीएन के कार्यकारी अभियंता अनिल मलिक ने बताया कि कादरपुर स्थित 400केवी के बिजली घर को अगले महीने में शुरू कर दिया जाएगा। इसके बनने के बाद सेक्टर-72 के बिजली घर पर लोड कम हो जाएगा.

बिजली की मांग

सोमवार शाम को भीषण गर्मी में करीब पांच बजे बिजली की मांग 2513 एमवीए पहुंच गई थी, जो अब तक सर्वाधिक है। रात 12 बजे बिजली की मांग 2320 एमवीए थी। मंगलवार सुबह के समय बिजली की मांग 1866 एमवीए थे.

मॉकड्रिल की तैयारी

सेक्टर-72 के बिजली घर के सर्किट में आग लगने के बाद एचवीपीएन अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई थी। दोबारा इस स्थिति को बनने से रोकने के लिए एचवीपीएन की तरफ से मॉकड्रिल कराई जाएगी। बिजली घर में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को बताया जाएगा कि वे इस तरह की स्थिति बनने के बाद घबराएं नहीं। समय को बर्बाद करने की बजाय विचार किया जाए कि किस तरह बिजली सप्लाई को दूसरे बिजली घरों से बहाल किया जाए। एचवीपीएन के कार्यकारी अभियंता अनिल मलिक के मुताबिक कर्मचारियों से आग्रह किया जाएगा कि वे बिजली घर के संचालन में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतें.

कादरपुर बिजली घर को सेक्टर-65 से जोड़ा जाएगा

मलिक ने बताया कि कादरपुर के बिजली घर को सेक्टर-65 से अगले महीने में जोड़ दिया जाएगा। उनके मुताबिक ईद को लेकर कर्मचारी गांव चले गए हैं। उनके वापस लौटने के तुरंत बाद इस दिशा में काम शुरू किया जाएगा। बिजली केबल डालने के लिए ऑयल कंपनी की मंजूरी का इंतजार कर रहे थे, जो मिल चुकी है। अगले 15 दिन के अंदर सेक्टर-65 के बिजली घर को कादरपुर के बिजली घर से जोड़ दिया जाएगा।

सामान्य प्रश्न

रैपिड मेट्रो क्यों बंद हुई थी?
गत 22 मई को सेक्टर-72 स्थित 400केवी बिजली घर के सर्किट में आग लगने के बाद रैपिड मेट्रो करीब 55 मिनट तक बंद रही थी।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।