Gurgaon News: तीसरे पेज के लिए एंकर प्रस्तावित :- प्रोजेक्ट अपडेट :- पांचवीं बार बढ़ाई श्री शीतला माता अस्पताल की निर्माण समयसीमा
Gurgaon News: - जीएमडीए ने इस अस्पताल के निर्माण की समयसीमा को बढ़ाकर 31 दिसंबर किया- जीएमडीए ने इस अस्पताल के निर्माण की समयसीमा को बढ़ाकर 31 दिसंबर किया

Gurgaon News: गुरुग्राम, दीपक आहूजा। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने सेक्टर-102 में निर्माणाधीन श्री शीतला माता देवी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निर्माण की समयसीमा को पांचवीं बार बढ़ाकर 31 दिसंबर कर दिया है। यह परियोजना पांच मई, 2023 को पूरी होनी थी। निर्धारित समयावधि से यह मेडिकल कॉलेज और अस्पताल करीब साढ़े तीन साल देरी से बनकर तैयार होगा। जीएमडीए ने इस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का निर्माण कार्य 12 जनवरी, 2022 को आवंटित किया था। इस योजना को पांच मई, 2023 को बनकर तैयार होना था। बाद में इसकी समयावधि आठ मई, 2024, 31 मई, 2025, 31 मार्च, 2026 की गई। अब समयावधि को बढ़ाकर 31 दिसंबर, 2026 कर दिया है। इसका निर्माण करीब 84 प्रतिशत हो चुका है। अब तक इस अस्पताल के निर्माण की एवज में जीएमडीए की तरफ से निर्माणाधीन कंपनी को करीब 500 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। इसके निर्माण में करीब 620 करोड़ रुपये की लागत आ रही है।
अस्पताल की सुविधाएं
बता दें कि इसमें 883 बिस्तरों वाला अस्पताल होगा। इसमें 150 सीट का मेडिकल कॉलेज शामिल है। ट्रामा सेंटर, शैक्षणिक ब्लॉक, छात्रावास और आधुनिक आईटी और सुरक्षा प्रणालियों से सुसज्जित आवासीय सुविधाएं शामिल होंगी।
निजी हाथों में देने की तैयारी
जीएमडीए की तरफ से इस अस्पताल को संचालन के लिए निजी हाथों में देने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत टेंडर जारी किया जा चुका है। सफल बोलीदाता को 24 महीने के अंदर अस्पताल का संचालन शुरू करना होगा। 36 महीने में मेडिकल कॉलेज शुरू करना होगा। सफल बोलीदाता को करीब 210 करोड़ की लागत से इस अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में उपकरणों और फर्नीचर का बंदोबस्त करना होगा। यह अस्पताल 33 साल की लीज पर दिया जाएगा। इसकी एवज में 44.8 करोड़ रुपये किराया सालाना वसूला जाएगा। हर साल किराया राशि में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। आयुष्मान भारत योजना के तहत इस अस्पताल में 15 प्रतिशत बिस्तर हरियाणा वासियों के लिए आरक्षित रहेंगे। मेडिकल कॉलेज में 33 प्रतिशत सीट हरियाणा मूल के निवासी छात्रों के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज की फीस के मुताबिक रहेगी।


