सेक्टर-99 और 102 को विभाजित कर रही सड़क की मरम्मत होगी

सेक्टर-99 और 102 को विभाजित कर रही सड़क की मरम्मत होगी

संक्षेप:

- जीएमडीए ने इस मुख्य सड़क के निर्माण के लिए आठ करोड़ का इस्टीमेट तैयार किया- जीएमडीए ने इस मुख्य सड़क के निर्माण के लिए आठ करोड़ का इस्टीमेट तैयार किया

Nov 19, 2025 11:15 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share

गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने सेक्टर-99 और 102 को विभाजित कर रही मुख्य सड़क की मरम्मत के लिए करीब आठ करोड़ रुपये का इस्टीमेट तैयार किया है। इसके तहत अगले महीने में टेंडर प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा। अगले साल में इस मुख्य सड़क की मरम्मत का काम शुरू हो जाएगा। इस मुख्य सड़क की लंबाई करीब डेढ़ किलोमीटर है। मौजूदा समय में इसकी हालत बदतर अवस्था में है। गुरुग्राम-झज्जर रोड बंद होने के चलते फिलहाल झज्जर का यातायात इस सड़क पर आकर द्वारका एक्सप्रेसवे से आकर मिलता है। स्थानीय निवासियों की तरफ से लंबे समय से इस मुख्य सड़क के पुन: निर्माण की मांग उठाई जा रही थी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

उनका कहना था कि वाहनों के चलने इस सड़क पर सारा दिन धूल उड़ती रहती है, जिस वजह से हजारों परिवार परेशान हैं। खासी परेशानी जी-99, सेक्टर-102 स्थित एमआर गुरुग्राम ग्रींस, हैरिटेज मैक्स, सनसिटी एवेन्यू के निवासियों को उठानी पड़ रही है। प्रदूषण के कारण अस्थमा पीड़ित मरीज सबसे अधिक परेशान हैं। इन शिकायतों के आधार पर जीएमडीए ने इस मुख्य सड़क की विशेष मरम्मत की योजना तैयार करने के लिए एक कंपनी को काम आवंटित किया था। इस कंपनी ने इस्टीमेट तैयार करके जीएमडीए को सौंप दिया है। इसके निर्माण को लेकर अब टेंडर दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। मुख्य कार्यकारी अधिकारी से मंजूरी लेने के बाद टेंडर को जारी किया जाएगा। इस प्रक्रिया में एक से डेढ़ महीने का समय लग जाएगा। बरसाती नाले का निर्माण भी होगा मौजूदा समय में इस मुख्य सड़क पर बरसाती नाला नहीं है। इस वजह से बारिश का पानी एकत्रित होने से यह बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाती है। नई डीपीआर में बरसाती नाले के निर्माण की योजना को शामिल किया है। करीब एक मीटर चौड़े बरसाती नाले का निर्माण किया जाएगा। 30 मीटर जमीन का अधिग्रहण नहीं गुरुग्राम-मानेसर विकास योजना के तहत यह मुख्य सड़क आगे जाकर द्वारका एक्सप्रेसवे से मिलती है। द्वारका एक्सप्रेसवे पर मिलने के दौरान करीब 30 मीटर जमीन ऐसी है, जिसका अधिग्रहण नहीं हुआ है। यह जमीन कुछ लोगों की है। फिलहाल जमीन मालिकों की इस जमीन से वाहनों की आवाजाही हो रही है। उन्हें अब तक जमीन अधिग्रहण का मुआवजा नहीं मिला है। इस जमीन के अधिग्रहण की योजना पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की तरफ से काम किया जा रहा है। माना जा रहा है कि अगले साल में यह योजना भी सिरे चढ़ जाएगी। आरडब्ल्यूए गड्ढों को भरवा रही इस मुख्य सड़क पर गहरे-गहरे गड्ढे हो गए हैं। रविवार को आरडब्ल्यूए ने मिस्त्री मजदूरों बुलाकर कुछ गड्ढों को कंकरीट डालकर दुरुस्त करवाया है। यातायात अधिक होने के चलते गड्ढे दोबारा बन जाते हैं। आरडब्ल्यूए की तरफ से पिछले एक साल में कई बार इस मुख्य सड़क के गड्ढों को भरवाने का कार्य किया जा चुका है। कोट :- इस मुख्य सड़क के विशेष मरम्मत की योजना तैयार कर ली है। इस सड़क के साथ-साथ बरसाती पानी की निकासी का नाला भी तैयार किया जाएगा। इस्टीमेट तैयार कर लिया है। टेंडर प्रक्रिया को जल्द शुरू किया जाएगा। - अरुण धनखड़, मुख्य अभियंता, जीएमडीए