सेक्टर-22 मार्केट में चार कूड़ेदान रखने की अपील

Newswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share

गुरुग्राम नगर निगम ने स्वच्छ हरियाणा अभियान के तहत सेक्टर-22 मार्केट में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया। मुख्य अतिथि डॉ. जयवीर यादव ने स्वच्छता को नागरिकों का नैतिक दायित्व बताया। पार्षद राकेश यादव ने सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार का आह्वान किया। कार्यक्रम में स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।

सेक्टर-22 मार्केट में चार कूड़ेदान रखने की अपील

गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। नगर निगम गुरुग्राम ने नई सोच-नया शहर, स्वच्छ हरियाणा अभियान के तहत सेक्टर-22 मार्केट में एक विशाल स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बाजार क्षेत्र में साफ-सफाई को बढ़ावा देना, स्रोत पर ही कचरा अलग करने के प्रति लोगों को जागरूक करना और सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को पूरी तरह से रोकना था। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. जयवीर यादव ने उपस्थित दुकानदारों, स्थानीय निवासियों और राहगीरों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का नैतिक दायित्व है। डॉ. यादव ने कूड़ा प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए लोगों से एक खास आदत अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों और दुकानों में चार अलग-अलग कूड़ेदान रखें गीला कचरा, सूखा कचरा, घरेलू हानिकारक कचरा और सैनिटरी वेस्ट के लिए। प्राथमिक स्तर पर ही कचरे को अलग-अलग करने से न सिर्फ निगम का काम आसान होता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी बड़ी मदद मिलती है。

सिंगल यूज प्लास्टिक का करें पूर्ण बहिष्कार

विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद वार्ड नंबर-3 के पार्षद राकेश यादव ने प्लास्टिक प्रदूषण को पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए एक गंभीर खतरा बताया। उन्होंने नागरिकों और दुकानदारों से सिंगल यूज प्लास्टिक (पॉलिथीन, प्लास्टिक कप आदि) का पूर्ण बहिष्कार करने और इसके स्थान पर कपड़े या बायोडिग्रेडेबल बैग जैसे पर्यावरण हितैषी विकल्प अपनाने का आह्वान किया।

दिलाई गई स्वच्छता की शपथ

कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी और बुलंद आवाज़ वेलफेयर सोसाइटी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रिंका यादव ने सभी दुकानदारों और क्षेत्रवासियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने और कूड़ा न फैलाने का दृढ़ संकल्प लिया। इस सफल आयोजन में निगम के सह-सफाई निरीक्षक श्रीकांत शर्मा व उनकी टीम के अलावा सेक्टर-22 मार्केट एसोसिएशन के प्रधान विपिन जैन, आरडब्ल्यूए सेक्टर-22बी के प्रधान श्रीपाल यादव, राकेश मलिक, मनोज और अंकुर सहित स्थानीय लोगों ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।

स्वच्छता अभियान से संबंधित प्रश्न

गुरुग्राम में स्वच्छता अभियान का मुख्य उद्देश्य क्या है?
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बाजार क्षेत्र में साफ-सफाई को बढ़ावा देना, स्रोत पर ही कचरा अलग करने के प्रति लोगों को जागरूक करना और सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को पूरी तरह से रोकना था।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।