
निगम और सीईएसएल के बीच समझौता, 20 जगहों पर लगेंगे ईवी चार्जिंग स्टेशन
- प्रमुख मार्केट्स और कम्युनिटी सेंटरों में मिलेगी सुविधा, पूरी लागत और संचालन की जिम्मेदारी सीईएसएल की, ग्रीन मोबिलिटी को मिलेगा बढ़ावा
गुरुग्राम। साइबर सिटी में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की बढ़ती संख्या और प्रदूषण मुक्त यातायात को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम गुरुग्राम ने एक बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को नगर निगम और कन्वर्जेंस एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड (सीईएसएल ) के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत शहर के अलग-अलग हिस्सों में 20 नए इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ये चार्जिंग स्टेशन ऐसी जगहों पर लगाए जाएंगे जहाँ लोगों का आवागमन सबसे अधिक होता है। शहर की प्रमुख मार्केट और कम्युनिटी सेंटरों को इन स्टेशनों के लिए चुना गया है।
इससे खरीदारी करने आने वाले या सामाजिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले लोग अपने वाहनों को आसानी से चार्ज कर सकेंगे। अधिकारियों का मानना है कि चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होने से वे लोग भी इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने के लिए प्रेरित होंगे जो अभी तक चार्जिंग की सुविधा न होने के कारण झिझक रहे थे। निगम पर नहीं पड़ेगा वित्तीय बोझ इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि नगर निगम को इस पर कोई पैसा खर्च नहीं करना पड़ेगा। चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना, बिजली कनेक्शन, आवश्यक उपकरण और भविष्य में उनके संचालन व रखरखाव की पूरी जिम्मेदारी सीईएसएल की होगी। यह मॉडल सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में एक किफायती और प्रभावी समाधान साबित होगा। प्रदूषण के खिलाफ इलेक्ट्रिक प्रहार गुरुग्राम वर्तमान में वायु प्रदूषण की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। ऐसे में ईंधन आधारित वाहनों के विकल्प के रूप में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना अनिवार्य हो गया है। ईवी के अधिक उपयोग से न केवल हानिकारक गैसों के उत्सर्जन में कमी आएगी, बल्कि नागरिकों के ईंधन के खर्च में भी भारी बचत होगी। नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे स्वच्छ पर्यावरण के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाएं और 'प्रदूषण मुक्त गुरुग्राम' के निर्माण में भागीदार बनें। भविष्य की जरूरत के अनुरूप विकास यह पहल गुरुग्राम को एक आधुनिक और स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। आने वाले समय में जैसे-जैसे ईवी की मांग बढ़ेगी, निगम इन स्टेशनों की संख्या में और इजाफा करने की योजना पर भी विचार कर सकता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




