
सेक्टर-29 की खस्ताहाल सड़कें और फुटपाथ संवारे जाएंगे
गुरुग्राम के सेक्टर-29 में एचएसवीपी ने सड़कों को गड्ढामुक्त करने का निर्णय लिया है, जिसमें करीब 10 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सड़कों और फुटपाथ का पुनर्निर्माण किया जाएगा। क्षेत्र में जल निकासी के लिए सीमेंट की सड़कें बनाई जाएंगी। इसके अलावा, पार्किंग और खाली जमीन की चारदीवारी का निर्माण भी किया जाएगा।
गुरुग्राम। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने सेक्टर-29 की सड़कों को गड्ढामुक्त करने की तैयारी कर ली है। इसके ऊपर करीब 10 करोड़ रुपये की लागत आएगी। एक कंपनी को टेंडर आवंटित कर दिया गया है। सड़कों के साथ फुटपाथ नए सिरे से बनाए जाएंगे। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर विकसित सेक्टर-29 करीब 250 एकड़ में फैला हुआ है। सड़कों की लंबाई करीब सात किलोमीटर है। इस सेक्टर में रेस्तरां, होटल, मार्केट और व्यावसायिक इमारत हैं। पिछले कई साल से सड़कों की मरम्मत नहीं हुई थी। इस वजह से कई सड़कों की हालत बदतर हो चुकी थी। वाहन चालकों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा था।
एचएसवीपी के मुख्य प्रशासक डॉ. चंद्रशेखर खरे ने इस सेक्टर की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के आदेश जारी किए थे। इस दिशा में एचएसवीपी के स्थानीय अधिकारियों ने काम शुरू कर दिया है। इस सेक्टर में मुख्य सड़कों पर नए सिरे से फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा। अधिकांश फुटपाथ की हालत खराब हो चुकी है। इसको लेकर करीब पांच करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। जल्द ही इसके तहत टेंडर आमंत्रित करने की प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा। इसके बनने के बाद पैदल आवागमन में लोगों को परेशानी नहीं होगी। दो सड़कों को सीमेंट का बनाया जाएगा इफ्को चौक मेट्रो स्टेशन से लेकर राइट्स तक करीब 600 मीटर लंबी सड़क बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाती है। इस सड़क पर जलभराव होता है। पानी निकासी का बंदोबस्त करने के साथ इस मुख्य सड़क को सीमेंट का बनाया जाएगा। इसके अलावा सेक्टर-29 में बीकानेर स्वीट्स के सामने की मुख्य सड़क को सीमेंटिड बनाया जाएगा। इस सड़क पर अधिकांश रेस्तरां, पब एवं बार हैं। मलबा से बचाने के लिए चारदीवारी होगी सेक्टर में एचएसवीपी की करीब 80 एकड़ जमीन खाली है। सेक्टर में प्रवेश और निकासी के कई द्वार होने के चलते ट्रैक्टर ट्रालियों के माध्यम से अज्ञात लोग आ जाते हैं। वे खाली जमीन पर मलबा डाल देते हैं। इसको देखते हुए जीएमडीए की तरफ से खाली जमीन की तारफेंसिंग करवाई जाएगी। इसके लिए करीब एक करोड़ रुपये का एस्टीमेट बनाया है। टेंडर दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। पार्किंग को नए सिरे से बनाया जाएगा इस सेक्टर में कई पार्किंग हैं। मौजूदा समय में पार्किंग से रोड़ियां निकली हुई हैं। इससे वाहन चालकों को परेशानी होती है। लोगों की परेशानियों को देखते हुए करीब पांच करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया है। मंजूरी के बाद पार्किंग क्षेत्र का निर्माण किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




