Gurgaon News: तीन सौ मकानों के बाहर रैंप तोड़े
Gurgaon News: गुरुग्राम में एचएसवीपी ने अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया, जिसमें तीन सौ मकानों के बाहर से रैंप और करीब 600 रेहड़ियां तोड़ी गई। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार की गई। प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं अवैध निर्माण हटाएं, नहीं तो बुलडोजर से हटाए जाएंगे।

Gurgaon News: गुरुग्राम, दीपक आहूजा। एचएसवीपी ने बुधवार को सात सेक्टरों में अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया। करीब तीन सौ मकानों के बाहर से रैंप तोड़े गए। इसके अलावा करीब 600 रेहड़ियों को तोड़ा गया। किसी तरह के विरोध से निपटने के लिए मौके पर पुलिस बल मौजूद था। एचएसवीपी के कनिष्ठ अभियंता शमशेर मेहला ने सेक्टर-15 के पार्ट दो में तोड़फोड़ की। ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के रूप में उपमंडल अधिकारी रामपाल यादव मौजूद रहे। तोड़फोड़ दस्ते ने एचएसवीपी की जमीन पर अवैध रूप से बने कमरों को तोड़ डाला। उपमंडल अधिकारी नरेश राणा ने सेक्टर-32, 51 और 57 में 18 मीटर चौड़ी सड़कों पर अवैध रूप से लगी करीब 100 रेहड़ियों को तोड़ा।
सेक्टर-10 में जेई आनंद प्रकाश की अध्यक्षता में तोड़फोड़ अभियान चला। इस मौके पर करीब 200 मकानों के सामने से रैंप तोड़े गए। इस मौके पर एक वकील के साथ करीब 15 मिनट तक बहस चली। उसे बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार यह अभियान चल रहा है। इस मौके पर एसडीओ परविंद्र सिंह मौजूद रहे।सेक्टर-37सी में 20 मकानों के बाहर से ग्रिल और रैंप तोड़े गए। सेक्टर-37 के पार्ट दो में एचएसवीपी की जमीन पर अवैध रूप से लगी एक सब्जीमंडी को तोड़ा गया। इसमें करीब 500 रेहड़ियां लगी हुई थी। सेक्टर-पांच में उपमंडल अधिकारी अशोक और जेई ललित हंस ने करीब 80 मकानों के बाहर से रैंप और ग्रिल तोड़े। एचएसवीपी प्रशासक राकेश सैनी ने लोगों से अपील की कि वे खुद अवैध निर्माण हटाएं। ऐसा नहीं करने पर बुलडोजर से अतिक्रमण को हटाया जाएगा।


