कर्मचारी बाइक और दस हजार रुपये लेकर हुआ फरार
गुरुग्राम में एक होटल के कैशियर दुर्गा प्रसाद ने अपने सहकर्मी रविंद्र को सामान लाने के लिए बाइक और 10,000 रुपये दिए, लेकिन रविंद्र वापस नहीं आया। उसने बाइक का जीपीएस सिस्टम भी निकाल दिया। दुर्गा ने मानेसर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है और आरोपी की गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू की गई है।

गुरुग्राम,गौरव चौधरी। एक होटल के कैशियर की बाइक व दस हजार रुपये लेकर सहकर्मी भाग गया। पीड़ित ने अपने सहकर्मी को सामान लाने के लिए बाइक देकर भेजा था, लेकिन वह लौटकर वापस नहीं आया। आरोपी ने रास्ते में बाइक में लगा जीपीएस सिस्टम भी निकालकर फेंक दिया। पीड़ित की शिकायत पर मानेसर थाने में 13 अप्रैल को आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मानेसर निवासी दुर्गा प्रसाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 51 माइल स्टोन होटल पर कैशियर की नौकरी करता है। उसने 26 मार्च को उत्तर प्रदेश के झांसी निसासी रविंद्र को दस हजार रुपये व बाइक देकर कुछ सामान लेने के लिए भेजा था, लेकिन रविंद्र वापस नहीं आया।
बाइक पर जीपीएस सिस्टम लगा हुआ था। जब दुर्गा प्रसाद जीपीएस की लोकेशन ट्रैक करते हुए बस स्टैंड के पास पहुंचा तो वहां पर जीपीएस तो मिल गया। वहां पर बाइक नहीं मिली।दुर्गा प्रसाद ने पुलिस को बताया कि रविंद्र करीब तीन साल तक होटल में नौकरी कर चुका था और उसने नौकरी छोड़ दी थी। इसके बाद वह करीब डेढ़ माह पहले होटल में नौकरी करने आया था, तो उसे नौकरी पर रख लिया गया था। वह डिलीवरी करने का काम करता था। पुराना कर्मचारी होने के कारण उस पर विश्वास था। ऐसे में उसे बाइक व 10 हजार रुपये देकर सामान लेने भेजा था।जांच अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द ही बाइक व नकदी लेकर भागने वाले आरोपी को गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


