गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को झुलसाया
गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। मिलेनियम सिटी में सूर्य देव के तल्ख तेवरों के कारण भीषण

गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। मिलेनियम सिटी में सूर्य देव के तल्ख तेवरों के कारण भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। आसमान से बरसती आग और सुबह से लेकर शाम तक चल रहे गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को बुरी तरह झुलसा कर रख दिया है। स्थिति यह हो गई है कि सुबह दस बजे के बाद ही शहरवासी घरों में कैद रहने को मजबूर हैं। चिलचिलाती धूप के साथ-साथ अब रात के तापमान में भी भारी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिसके कारण रात के समय भी चल रही गर्म हवाएं लोगों को चैन से सोने नहीं दे रही हैं।
गर्मी की स्थिति
मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पिछले दो साल में पहली बार शहर के लिए लगातार छह दिनों का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे पहले साल 2024 में केवल चार दिनों के लिए ऐसा अलर्ट जारी किया गया था। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, एक दिन पहले मंगलवार को भी शहर का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस ही दर्ज किया गया था, लेकिन न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस था। इसका मतलब है कि बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में तो कोई उतार-चढ़ाव नहीं हुआ है, लेकिन रात के यानी न्यूनतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की बड़ी बढ़ोतरी हुई है। यही कारण है कि अब रातें भी दिन की तरह गर्म महसूस हो रही हैं और लोगों को गर्मी से कोई राहत नहीं मिल पा रही है।
दोपहर का सन्नाटा
सुबह दस बजते ही धूप इतनी तेज हो जाती है कि लोग घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। दोपहर के समय शहर के मुख्य बाजारों, बस स्टैंड और सड़कों पर पूरी तरह सन्नाटा पसर जाता है। बहुत जरूरी काम होने पर ही लोग पूरे बदन को ढककर बाहर निकल रहे हैं। ठंडे पेय पदार्थों और गन्ने के रस की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है।
स्वास्थ्य संबंधी सावधानियाँ
रात का तापमान बढ़ने से लोगों की नींद प्रभावित हो रही है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें बढ़ने का खतरा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने आम जनता को सलाह दी है कि वे शरीर में पानी की कमी न होने दें। धूप में निकलते समय छाते का प्रयोग करें और सूती कपड़े पहनें। उल्टी, दस्त या चक्कर आने की स्थिति में तुरंत नजदीकी डॉक्टर से संपर्क करें।
पिछले पांच दिनों का तापमान
दिनांक अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
19 मई 43.4 डिग्री 28.1 डिग्री
18 मई 40.7 डिग्री 26.5 डिग्री
17 मई 40.6 डिग्री 25.8 डिग्री
16 मई 39.0 डिग्री 24.3 डिग्री
15 मई 39.0 डिग्री 24.8 डिग्री
14 मई 39.5 डिग्री 25.4 डिग्री
बिजली की समस्या
बिजली की अघोषित कटौती से लोग परेशान
गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। गर्मियां शुरू होने के साथ बिजली के अघोषित कट लगना शुरू हो गए हैं। मंगलवार रात को पांच रिहायशी सोसाइटियों से बिजली के अघोषित कट लगने की शिकायत डीएचबीवीएन के पास पहुंचीं। इसके अलावा अशोक विहार फेज-एक में चार घंटे का कट लगने के बाद देर रात बिजली सप्लाई बहाल हुई।
सेक्टर-104 स्थित हीरो होम्स सोसाइटी के निवासी महेश कुमार ने डीएचबीवीएन अधिकारियों को मंगलवार रात करीब पौने नौ बजे बिजली गुल होने की शिकायत दी। उन्होंने शिकायत में कहा कि पिछले चार दिन से बिजली के अघोषित कट लग रहे हैं। बिजली कट लगने की स्थिति में जनरेटर चलता है। जनरेटर से बिजली की एवज में चार गुणा खर्चा आता है। प्रदूषण भी इस वजह से होता है।
सेक्टर-37डी स्थित बीपीटीपी टेरा से श्रीराम ने डीएचबीवीएन में शिकायत दी कि उनकी सोसाइटी में भी पिछले कुछ दिनों से बिजली के अघोषित कट लग रहे हैं। सेक्टर-109 स्थित एटीएस ककून के राज कुमार ने करीब 10 बजे बिजली कट होने की शिकायत डीएचबीवीएन को दी। इस सोसाइटी में देर रात बिजली सप्लाई बहाल हो सकी। सेक्टर-93 स्थित स्पेज प्रिवी के विकास सिंह ने भी बिजली के अघोषित कट लगने की शिकायत डीएचबीवीएन अधिकारियों को दी। सेक्टर-99 स्थित परीना लक्ष्मी अपार्टमेंट के संतोष कुमार ने बताया कि उनकी सोसाइटी में बिजली के अघोषित कट लग रहे हैं। उनकी सोसाइटी में जनरेटर नहीं है। बिजली कट की स्थिति में इनवर्टर पर आश्रित होना पड़ता है। तपती गर्मियों में एयरकंडीशंड नहीं चलने पर भारी दिक्कत होती है।
अशोक विहार फेज-एक के निवासियों ने बताया कि उनकी कॉलोनी में रोजाना रात को बिजली के अघोषित कट लगना शुरू हो जाते हैं। मंगलवार रात को 10 बजे बिजली का अघोषित कट लगा। रात करीब दो बजे के बाद बिजली सप्लाई बहाल हो सकी। बिजली निगम के अधिकारी फ्यूज उड़ने या फॉल्ट होने का बहाना बना देते हैं। बिजली के बुनियादी ढांचे को दुरुस्त करने की दिशा में गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सुशांत लोक दो और तीन में भी रात के समय बिजली के अघोषित कट लग रहे हैं।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


