
पुराने एफओबी नजरअंदाज, नए बनाने की योजना बन रही
- दो साल से बसई फ्लाईओवर के दोनों एफओबी के एस्कलेटर खराब- दो साल से बसई फ्लाईओवर के दोनों एफओबी के एस्कलेटर खराब
गुरुगाम, कार्यालय संवाददाता। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की तरफ से मिलेनियम सिटी में निर्मित पुराने एफओबी (फुट ओवर ब्रिज) के सही संचालन की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है और नए एफओबी बनाने की योजनाओं पर काम किया जा रहा है। हाल ही में जीएमडीए की मोबिलिटी शाखा ने नए एफओबी बनाने के लिए पुलिस उपायुक्त, यातायात से व्यस्ततम सड़कों और सड़क पार करने के दौरान हो रहे सड़क हादसों के बारे में जानकारी मांगी है। जून, 2018 में जीएमडीए ने उमंग भारद्वाज चौक से लेकर द्वारका एक्सप्रेस वे तक सड़क की चौड़ाई बढ़ाने, फ्लाईओवर और एफओबी के निर्माण को लेकर 89.73 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया था।
साल 2019 में यह टेंडर आवंटित हो गया। यह कार्य 18 महीने में पूरा होना चाहिए था, लेकिन 15 मार्च, 2023 को यह बनकर तैयार हुआ। निर्माण होने के बाद चार साल तक इसकी देखरेख ठेकेदार कंपनी की तरफ से की जानी है। पिछले दो साल से इस रोड पर बने एफओबी की हालत खराब है। एस्क्लेटर काम नहीं कर रहे हैं, लेकिन जीएमडीए अधिकारियों ने इसके संचालन की तरफ रुचि नहीं दिखाई है। यह हालात तब हैं, जब यह टेंडर दोष दायित्व अवधि में है। मार्च, 2027 तक इस मुख्य सड़क, फ्लाईओवर और एफओबी की देखरेख ठेकेदार कंपनी ने करनी है। स्थानीय निवासियों की तरफ से इस सिलसिले में सीएम विंडो, जीएमडीए और नगर निगम में कई बार शिकायत दी हैं, लेकिन उनके ऊपर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बता दें कि एफओबी खराब होने की वजह से सेक्टर-नौ, नौए, 10, 37सी और डी के अलावा बसई, बसई इंक्लेव, भवानी इंक्लेव आदि कॉलोनियों के निवासियों को दिक्कत होती है। सेक्टर-37सी स्थित आरएमजी रेजिडेंसी के निवासी अमोद कुमार ने बताया जब से यह एफओबी बना है, तब से इसके एस्क्लेटर खराब हैं। इसको ठीक करवाने की तरफ कोई अधिकारी ध्यान नहीं दे रहा है। इसके खराब होने की वजह से लोग तेज रफ्तार दौड़ रहे वाहनों के बीच सड़क पार करते हैं, जिस दौरान हादसा होने का खतरा रहता है। बसई इंक्लेव निवासी राहुल ने बताया कि यह एफओबी शुरुआत के एक-दो महीने ठीक चला। उसके बाद एस्क्लेटर बंद हो गए। ऐसे में सबसे अधिक दिक्कत बुजुर्गों को सड़क को पार करने में आती है। इस तरफ ध्यान देने की जरूरत है। जस्टिस टावर के समीप एफओबी निर्माण की योजना रद्द सिविल लाइंस रोड पर पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के सामने निर्माणाधीन जस्टिस टावर के समीप एफओबी बनाने की योजना रद्द हो गई है। जीएमडीए ने भविष्य में इस रोड को एलिवेटेड बनाने की योजना बना रहा है, दूसरा इस रोड पर भौंडसी से लेकर रेलवे स्टेशन तक एलिवेटेड मेट्रो चलाने की योजना है। इसको ध्यान में रखते हुए एफओबी निर्माण के फैसले को वापस ले लिया है। व्यस्ततम सड़कों पर एफओबी निर्माण की योजना जीएमडीए के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने पद्भार ग्रहण करने के बाद मोबिलिटी शाखा के मुख्य महाप्रबंधक को आदेश जारी किए हैं कि व्यस्ततम सड़कों की जानकारी यातायात पुलिस से ली जाए। यह जानकारी भी ली जाए कि किन सड़कों पर सड़क पार करने के दौरान अधिक सड़क हादसे हुए हैं। इन सड़कों की जानकारी लेने के बाद एफओबी निर्माण की योजना पर काम किया जाए। तीन नए एफओबी के निर्माण में जुटे अधिकारी जीएमडीए की तरफ से ओल्ड दिल्ली रोड और गुरुग्राम-सोहना रोड पर ओमेक्स मॉल के समीप एफओबी का निर्माण किया जा रहा है। शीतला माता रोड पर एफओबी निर्माण की योजना के तहत जल्द काम शुरू हो जाएगा। इसके अलावा सेक्टर-51 में आर्टिमिस अस्पताल, सेक्टर-38 में मेदांता अस्पताल और सेक्टर-18 मे मारुति कंपनी के समीप एफओबी निर्माण की योजना है। गोल्फ कोर्स रोड पर एफओबी निर्माण करने को लेकर डीएलएफ को दिशा-निर्देश जारी किए हुए हैं। यह दोनों एफओबी दोष दायित्व अवधि में हैं। यदि इनके एस्क्लेटर खराब हैं तो उन्हें जल्द ठीक करवाया जाएगा। इस सिलसिले में ठेकेदार को दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। - अमित गोदारा, कार्यकारी अभियंता, जीएमडीए

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




