दो साल में आंबेडकर चौक पर फ्लाईओवर बनेगा
गुरुग्राम में आंबेडकर चौक पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए जीएमडीए ने निविदा जारी की है, जिसकी लागत लगभग 32 करोड़ रुपये होगी। फ्लाईओवर का निर्माण आरडी सिटी चौक से गुरुग्राम-सोहना हाईवे तक किया जाएगा, जिससे यातायात में सुधार होगा। निविदा 29 मई को खोली जाएगी।

गुरुग्राम, दीपक आहूजा। आंबेडकर चौक (सेक्टर-45-46-51-52 चौक) पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए गुरुवार को गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने निविदा जारी कर दी। इसके निर्माण पर करीब करीब 32 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके बनने के बाद इस चौराहे पर आवागमन आसान हो जाएगा। आरडी सिटी चौक से लेकर गुरुग्राम-सोहना हाईवे की तरफ करीब 900 मीटर लंबाई के इस फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इस फ्लाईओवर में दो-दो लेन होगी। 30 मीटर चौड़ाई की इस रोड पर फ्लाईओवर के नीचे साढ़े पांच मीटर चौड़ाई की दोनों तरफ सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा। इसके बाद इस सड़क पर यातायात सुगम हो जाएगा। इस निविदा को 29 मई को खोला जाएगा।
यातायात दबाव
मौजूदा समय में इस चौक पर सुबह और शाम के समय यातायात दबाव अधिक रहता है। इसको पार करने में 10 से 15 मिनट का समय लग जाता है। गुरुग्राम-मानेसर विकास योजना में भी इस चौक पर फ्लाईओवर का निर्माण प्रस्तावित था। सेक्टर-46 निवासी प्रदीप यादव के मुताबिक इस फ्लाईओवर के बनने के बाद वाहन चालकों को सहुलियत मिलेगी। वैसे इस चौक पर यातायात सिग्नल लगा है, लेकिन सुबह और शाम के समय यातायात दबाव अधिक होने की वजह से इसको पार करने में कई बार 15 मिनट तक का समय लग जाता है।
जेड चौक पर अंडरपास
जेड चौक पर इफको चौक से आरडी सिटी की तरफ तीन-तीन लेन का अंडरपास तैयार किया जाएगा। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ने इस अंडरपास के नक्शों को मंजूरी प्रदान कर दी है। इस अंडरपास के निर्माण के लिए निविदा जारी करने के लिए दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। अगले महीने में इसकी निविदा जारी हो जाएगी।
आंबेडकर चौक पर दो-दो लेन का फ्लाईओवर तैयार किया जाएगा। ये फ्लाईओवर आरडी सिटी चौक से गुरुग्राम-सोहना हाईवे की तरफ होगा। इसकी निविदा जारी कर दी है। मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के समीप जेड चौक पर अंडरपास निर्माण की निविदा अगले महीने में जारी कर दी जाएगी। निविदा दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं।
- अमित गोदारा, कार्यकारी अभियंता, जीएमडीए
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


