हवा चलने के बाद भी प्रदूषण से राहत नहीं मिली, ठिठुरन बढ़ी
गुरुग्राम में प्रदूषण और ठंड बढ़ती जा रही है। हाल की बूंदाबांदी के बावजूद, वायु गुणवत्ता गंभीर बनी हुई है। रविवार को एक्यूआई 333 दर्ज किया गया। ठंड से अधिकतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बाजारों में सन्नाटा पसरा है, लोग बाहर निकलने से बच रहे हैं।

गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी में प्रदूषण और ठिठुरन बढ़ती जा रही है। दो दिन पहले हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद भी हवा प्रदूषित बनी हुई है। रविवार को भी शहर की वायु गुणवत्ता गंभीर बनी रही और बढ़ते कोहरे के साथ ठंड ने लोगों की मुश्किलें दोगुना कर दी हैं। आलम यह है कि दिन भर धूप नहीं खिलने के कारण लोग घरों के भीतर कैद रहने को मजबूर हैं। प्रदूषण के आंकड़ों ने एक बार फिर प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। रविवार को गुरुग्राम का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 333 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है।
औद्योगिक क्षेत्र मानेसर में भी स्थिति संतोषजनक नहीं है, वहां का एक्यूआई 222 दर्ज किया गया। विशेषज्ञों का कहना है कि हवा में नमी अधिक होने के कारण प्रदूषित कण (पीएम 2.5) सतह के करीब ही जमा हो गए हैं, जिससे राहत मिलने के बजाय सांसों पर संकट और गहरा गया है। प्रदूषण के साथ-साथ कड़ाके की ठंड ने भी अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शनिवार (16.4 डिग्री) के मुकाबले करीब 0.8 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन भर छाए बादलों और कोहरे की वजह से दिक्कत हुई। प्रदूषण और ठंड के चलते बाजारों में सन्नाटा पसरा रविवार की छुट्टी होने के बावजूद शहर के मुख्य बाजारों और पार्कों में सन्नाटा पसरा रहा। लोग प्रदूषण और ठंड के दोहरे अटैक से बचने के लिए बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं। डॉक्टरों ने भी सलाह दी है कि जब तक हवा साफ न हो और कोहरा कम न हो, तब तक सुबह और शाम की सैर से बचें, यह अस्थमा के रोगियों के लिए घातक साबित हो सकता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




