Gurgaon News: बंदर, गोवंश और आवारा कुत्तों से जूझती मिलेनियम सिटी
Gurgaon News: - तीनों पर लगाम लगाने की नगर निगम पर जिम्मेदारी, अरावली से शहर तक उलझा सिस्टम बंदर, गोवंश और आवारा कुत्तों जूझती मिलेनियम सिटी

Gurgaon News: गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। मिलेनियम सिटी की सड़कों, रिहायशी कॉलोनियों और बहुमंजिला सोसायटियों में बंदरों का बढ़ता उत्पात, सड़कों पर घूमता लावारिस गोवंश और गली-मोहल्लों में आवारा कुत्तों की बढ़ती तादाद आम नागरिकों के लिए गंभीर सिरदर्द बन चुकी है। शहर के पॉश इलाकों से लेकर पुराने गुरुग्राम के रिहायशी सेक्टरों तक लोग इन समस्याओं से रोजाना जूझ रहे हैं। यह पूरी तरह स्पष्ट है कि नगर निगम गुरुग्राम के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी इलाकों में बंदरों, गायों और आवारा कुत्तों को पकड़ने तथा उनके नियंत्रण की पूरी कानूनी व प्रशासनिक जिम्मेदारी नगर निगम की ही है। शहरी क्षेत्र में बंदरों को पकड़ने के लिए सभी शिकायतें सीधे नगर निगम के पोर्टल और हेल्पलाइन पर दर्ज होती हैं और निगम प्रशासन ही अपने स्तर पर इनका समाधान करता है। निगम ने बंदरों को पकड़ने के लिए एक निजी एजेंसी को दो साल का विशेष अनुबंध सौंपा हुआ है, जिसकी टीमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों से रोजाना औसतन 15 से 20 बंदर पकड़ने की कार्रवाई कर रही हैं। हालांकि, समस्या की असली जड़ अरावली क्षेत्र के पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़ी हुई है। अरावली पहाड़ी क्षेत्र में बंदरों के लिए प्राकृतिक भोजन और पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पकड़े गए बंदर छोड़े जाने के कुछ ही दिनों बाद दोबारा भोजन की तलाश में आबादी वाले इलाकों में लौट आते हैं, जिससे समस्या जस की तस बनी रहती है.
अरावली क्षेत्र से जुड़ा संकट और पुनर्वास की चुनौती
गुरुग्राम का एक बड़ा इलाका अरावली पर्वत शृंखला से सीधे सटा हुआ है। अरावली के जंगलों में मानवीय गतिविधियों, खनन और सूखे के चलते फलदार पेड़ों और प्राकृतिक खाद्य स्रोतों की भारी कमी हो चुकी है। इस वजह से बंदर भोजन की तलाश में जंगलों से निकलकर सड़कों, रिहायशी सेक्टरों, सोसायटियों की बालकनियों और मकानों की छतों पर पहुंच जाते हैं। नगर निगम की टीम जब बंदरों को पकड़कर दूर अरावली क्षेत्र में छोड़ती है, तो वे कुछ ही समय बाद फिर से शहर के रिहायशी इलाकों की तरफ रुख कर लेते हैं। जब तक अरावली क्षेत्र में बंदरों के लिए प्राकृतिक भोजन और जलस्रोतों की स्थायी व्यवस्था नहीं होगी, तब तक यह समस्या पूरी तरह हल नहीं हो सकती.
रोजाना दर्ज हो रही हैं शिकायतें
नगर निगम के पास बंदरों के उत्पात को लेकर रोजाना औसतन पांच से आठ शिकायतें दर्ज हो रही हैं। शिकायत मिलने के बाद निजी एजेंसी की विशेष टीमें पिंजरे और जाल लेकर संबंधित इलाके में पहुंचती हैं। शहर के मानेसर नगर निगम क्षेत्र के तहत आने वाले गांवों, सेक्टरों और औद्योगिक क्षेत्रों में बंदरों, आवारा पशुओं और कुत्तों से संबंधित सभी प्रकार की कार्रवाई की जिम्मेदारी नगर निगम मानेसर संभालता है। दोनों निगमों की टीमें अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में फील्ड में उतरकर काम करती हैं और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखती हैं.
कुत्तों के बंध्याकरण और टीकाकरण की चल रही कार्रवाई
शहर में लगभग 30 हजार आवारा कुत्ते हैं। इनके नियंत्रण के लिए नगर निगम ने बहुस्तरीय योजना बनाई है। निगम ने कुत्तों के बंध्याकरण और एंटी-रेबीज टीकाकरण के लिए वेदांता ग्रुप के साथ एक विशेष समझौता किया हुआ है, जबकि दूसरी तरफ एक निजी एजेंसी को भी इसका जिम्मा सौंपा गया है। अब तक निजी एजेंसी द्वारा करीब एक हजार आवारा कुत्तों का बंध्याकरण और टीकाकरण किया जा चुका है, जबकि वेदांता ग्रुप की टीम द्वारा लगभग 1500 आवारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण का काम पूरा किया जा चुका है.
24 घंटे में शिकायतों पर त्वरित एक्शन
आवारा कुत्तों के काटने, आक्रामक होने या उनके बंध्याकरण को लेकर नगर निगम में प्रतिदिन औसतन पांच से दस शिकायतें पहुंच रही हैं। निगम प्रशासन के अनुसार प्राप्त शिकायतों में से लगभग 50 फीसदी मामलों का समाधान उसी दिन कर दिया जाता है। किसी भी शिकायत पर अधिकतम 24 घंटे के भीतर टीम मौके पर पहुंचकर काम शुरू कर देती है। पकड़े गए कुत्तों की सर्जरी और जरूरी देखभाल के बाद उन्हें सरकारी नियमों के तहत वापस उसी क्षेत्र में छोड़ दिया जाता है.
संयुक्त टास्क फोर्स की उठ रही मांग
पूरे दिल्ली-एनसीआर में आवारा पशुओं, गोवंश, बंदरों और कुत्तों की आवाजाही सीमाओं में नहीं बंधती है। ऐसे में पर्यावरण विशेषज्ञ वैशाली राणा, रूचिका सेटी और स्थानीय नागरिकों का मानना है कि दिल्ली-एनसीआर के सभी नगर निगमों, विकास प्राधिकरणों और संबंधित विभागों को मिलाकर एक सिंगल-विंडो सिस्टम या संयुक्त पशु नियंत्रण टास्क फोर्स का गठन किया जाना चाहिए। इससे न केवल संसाधनों का सही उपयोग होगा, बल्कि अरावली पट्टी में वन्य जीवों और बंदरों के स्थायी पुनर्वास के लिए एक अंतरराज्यीय ठोस नीति तैयार की जा सकेगी.
शहर में इन क्षेत्र है बंदरों से प्रभावित
सुशांत लोक, डीएलएफ,फेस-1, 2, 3, सेक्टर-55, 56, 57, सेक्टर-5, सेक्टर-23ए, 23, भोंडसी, घाटा सहित सैंकड़ों जगहों पर बंदरों के उत्पात से स्थानीय निवासी परेशान है.
आवारा कुत्तों और बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई लगातार निगम की तरफ से की जा रही है। इसको लेकर निजी एजेंसियों और संस्थाओं को सख्त हिदायत दी हुई है.
- प्रदीप दहिया, निगम आयुक्त, गुरुग्राम।


