
नौ साल से मृत पशुओं को उठाने का टेंडर नहीं, खुले में दफनाए जा रहे शव
- निगम की लापरवाही से बीमारियां फैलने का खतरा, हर साल हो रहा लाखों का राजस्व नुकसान नौ साल से मृत पशुओं उठाने का टेंडर नहीं,
गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में नगर निगम की लापरवाही के चलते मृत पशुओं के शवों का उचित निस्तारण नहीं हो पा रहा है। पिछले नौ साल से इस काम के लिए कोई टेंडर जारी नहीं किया गया है, जिसके कारण हर महीने 30 से 50 मृत पशुओं को शहर के खाली प्लॉटों या खाली जमीनों में दफनाया जा रहा है। यह स्थिति नियमों के पूरी तरह से खिलाफ है और शहर में संक्रामक बीमारियों और प्रदूषण का खतरा बढ़ा रही है। नियमानुसार, मृत पशुओं को वैज्ञानिक तरीके से उठाने और उनका निस्तारण करने का जिम्मा एक निजी एजेंसी को दिया जाना चाहिए।

इसके लिए बकायदा टेंडर जारी किया जाता है। लेकिन गुरुग्राम में यह प्रक्रिया 2017 से ठप पड़ी है, जब आखिरी बार किसी निजी एजेंसी को ठेका दिया गया था। उस ठेके की अवधि खत्म होने के बाद निगम ने दोबारा कोई कदम नहीं उठाया। इसका नतीजा यह है कि निगम के कर्मचारी खुद ही मृत पशुओं को उठाकर शहर के बाहरी इलाकों और खाली प्लॉटों में दफना रहे हैं। यह तरीका न केवल अवैज्ञानिक है, बल्कि इससे जमीन और भूजल प्रदूषित हो रहा है। इसके अलावा, शवों के सड़ने से वातावरण में बदबू फैलती है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। ----------------- - लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान इस लापरवाही से सिर्फ पर्यावरण को ही नुकसान नहीं हो रहा, बल्कि निगम को हर साल लाखों रुपये के राजस्व का भी नुकसान हो रहा है। अगर यह काम किसी निजी एजेंसी को सौंपा जाता तो उससे निगम को सालाना शुल्क मिलता, जैसा कि पहले होता था। लेकिन अधिकारियों की अनदेखी के कारण निगम के राजस्व को भी सीधे तौर पर घाटा हो रहा है। जानकारों का कहना है कि शहर की आबादी और पशुओं की संख्या को देखते हुए इस काम के लिए एक स्थायी समाधान बेहद जरूरी है। खुले में शवों को दफनाने से पशुओं से मनुष्यों में फैलने वाली बीमारियों का भी खतरा बढ़ रहा है। निगम प्रशासन को चाहिए कि वह जल्द से जल्द मृत पशुओं को उठाने के लिए नए सिरे से टेंडर जारी करे और इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान करे, ताकि शहर को गंदगी और बीमारियों से बचाया जा सके। --------------- : कोट मृत पशुओं के शवों के शवों को वैज्ञानिक तरीके से निपटाने के लिए निजी एजेंसी को टेंडर दिया जाएगा। इसको लेकर योजना तैयार की जा रही है। - प्रीतपाल सिंह, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम, गुरुग्राम।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




