पोस्टिंग के लिए गुरुग्राम बना पहली पसंद, 613 शिक्षकों ने जताई रजामंदी
- एक ओर 1130 पद खाली, दूसरी ओर अंतर-जिला तबादले में सबसे ज्यादा आवेदन साइबर सिटी के नाम- एक ओर 1130 पद खाली, दूसरी ओर अंतर-जिला तबादले में सबसे ज्यादा

गुरुग्राम संवाददाता। साइबर सिटी गुरुग्राम एक बार फिर शिक्षकों की पहली पसंद बनकर सामने आया है। सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के अंतर-जिला ट्रांसफर ड्राइव के जारी परिणामों में प्रदेश में सर्वाधिक 613 शिक्षकों ने गुरुग्राम में पोस्टिंग के लिए रजामंदी दी। शहरी सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी और पारिवारिक कारणों के चलते शिक्षकों का रुझान इस जिले की ओर बढ़ा है। हालांकि तस्वीर का दूसरा पहलू यह है कि जिले के सरकारी स्कूलों में अभी भी कुल 1130 पद रिक्त हैं। विधानसभा में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार गुरुग्राम में पीजीटी के 225, टीजीटी के 452 और पीआरटी के 453 पद खाली पड़े हैं।
तीनों श्रेणियों को मिलाकर यह संख्या प्रदेश में सबसे अधिक है। तबादला ड्राइव में क्या रही स्थिति इस ट्रांसफर ड्राइव के चलते यमुनानगर, पलवल, फरीदाबाद, अंबाला, सिरसा और भिवानी जिले से पहले के मुकाबले और ज्यादा शिक्षकों की कमी हो गई है। जिसमें फरीदाबाद जिले से 400 शिक्षकों ने दूसरे जिले में ट्रांसफर के लिए आवेदन किया तो वही मात्र 42 शिक्षक ही नए फरीदाबाद आएंगे। अब 446 शिक्षकों की कमी यहां पर होगी। गुरुग्राम के बाद सबसे ज्यादा शिक्षक पानीपत में 293, सोनीपत में 279 टीचर पहुंचे। वहीं करनाल में 488 और फरीदाबाद से 400 टीचर अन्य जिलों में चले गए। रेवाड़ी, नूंह, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ से किसी टीचर का ट्रांसफर नहीं हुआ। प्रदेश में जूनियर बेसिक ट्रेनिंग (जेबीटी) और प्राथमिक शिक्षक (पीआरटी) के अंतर जिला ट्रांसफर ड्राइवर के तहत जिलों की स्थिति अभी तय की जा रही है। कितने जा रहे, कितने आ रहे शिक्षक: आंकड़ों के मुताबिक गुरुग्राम से बाहर जाने वाले शिक्षकों की संख्या अपेक्षाकृत कम है, इनमें केवल 57 शिक्षक ही शामिल है। जबकि आने वालों की संख्या अधिक दर्ज की गई है। यहां पर 613 शिक्षक आ रहे हैं। इससे यह संकेत मिलता है कि आने वाले समय में जिले की रिक्तियों का आंशिक संतुलन हो सकता है। भर्ती की भी उम्मीद: शिक्षा विभाग का कहना है कि ट्रांसफर प्रक्रिया के साथ-साथ नई भर्ती और पदस्थापन की कार्रवाई भी चरणबद्ध तरीके से की जाएगी। जिन स्कूलों में टीजीटी और पीआरटी की कमी ज्यादा है, वहां प्राथमिकता के आधार पर पद भरे जाएंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



