Hindi NewsNcr NewsGurgaon NewsGurugram Elevated Road Construction on Southern Peripheral Road Approved by Chief Minister
घाटा से खेड़की दौला एसपीआर पर एलिवेटिड रोड बनेगा

घाटा से खेड़की दौला एसपीआर पर एलिवेटिड रोड बनेगा

संक्षेप: गुरुग्राम में सर्दर्न पेरिफेरियल रोड (एसपीआर) पर लगभग 14 किलोमीटर लंबी एलिवेटिड रोड का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री ने इसकी मंजूरी दी। इस रोड पर यातायात जाम की समस्या को देखते हुए नए डीपीआर के तहत निर्माण होगा। रेवाड़ी एम्स को नैशनल हाईवे से जोड़ने के लिए भी ट्रंपेट इंटरचेंज का निर्माण होगा।

Wed, 12 Nov 2025 11:13 PMNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share Share
Follow Us on

गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। सर्दर्न पेरिफेरियल रोड (एसपीआर) पर एलिवेटिड रोड का निर्माण किया जाएगा। यह आदेश मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को चंडीगढ़ में आयोजित अधिकारियों की बैठक के दौरान दिए। इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह मौजूद रहे। करीब 14 किलोमीटर लंबा एसपीआर, गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर गांव घाटा से शुरू होता है, जो वाटिका चौक (गुरुग्राम-सोहना हाइवे) से होता हुआ दिल्ली-जयपुर हाईवे और द्वारका एक्सप्रेस वे से गांव खेड़की दौला के समीप जाकर मिलता है। मुख्यमंत्री ने वाटिका चौक से लेकर खेड़की दौला तक एसपीआर के करीब छह किमी लंबे हिस्से को एलिवेटिड बनाने की मंजूरी दी हुई थी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

बुधवार सुबह एसपीआर के गांव घाटा से लेकर वाटिका चौक (गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन) रोड को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में जीएमडीए के अलावा नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर, सिंचाई विभाग आदि विभागों के अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने पक्ष रखा कि गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर अंडरपास का निर्माण किया जाए। केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत ने इस बैठक में पक्ष रखा कि गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर अरावली पर्वत श्रृंखला है। मानसून में गांव घाटा से पानी तेज बहाव के साथ नीचे आता है। ऐसे में बारिश में अंडरपास में जलभराव होगा, जिससे वाहन चालकों को परेशानी होगी। उन्होंने पक्ष रखा कि इस रोड को एलिवेटिड तैयार किया जाए। मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने भी एलिवेटिड रोड का समर्थन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने आदेश जारी किए कि गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से गुरुग्राम-सोहना रोड होते हुए दिल्ली-जयपुर हाईवे और द्वारका एक्सप्रेस वे तक एलिवेटिड रोड का निर्माण किया जाए। इसके लिए तीन महीने के अंदर नए सिरे से डीपीआर तैयार की जाए। निर्माण को निर्धारित समयावधि में किया जाए। ऐसा नहीं करने पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। नए सिरे से एलिवेटिड रोड की डीपीआर बनेगी एसपीआर पर वाटिका चौक से लेकर द्वारका एक्सप्रेस वे तक एलिवेटिड रोड के निर्माण के लिए करीब 750 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार हुई थी। गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड के पांच चौराहों पर यदि अंडरपास बनते तो करीब 658 करोड़ रुपये का खर्चा आता और यदि फ्लाईओवर का निर्माण होता तो 578 करोड़ रुपये का खर्चा आता। अब मुख्यमंत्री ने 14 किमी लंबे एसपीआर को एलिवेटिड करने के आदेश जारी किए हैं तो नए सिरे से डीपीआर तैयार होगी। रोजाना लगता है जाम एसपीआर पर रोजाना सुबह और शाम के समय यातायात जाम लगता है। द्वारका एक्सप्रेसवे से यदि किसी वाहन चालक ने सुबह या शाम के समय गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड की तरफ जाना होता है तो उसे कम से कम 45 मिनट से लेकर एक घंटे का समय लगता है। एसपीआर पर 10 यातायात सिग्नल हैं। रेवाड़ी एम्स पर क्लोवरलीफ बनेगा गुरुग्राम। माजरा स्थित रेवाड़ी एम्स को नैशनल हाईवे से जोड़ने के लिए क्लोवरलीफ (फुल ट्रंपेट इंटरचेंज) का निर्माण किया जाएगा। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने इसके निर्माण की मंजूरी दी। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि बारिश के दिनों में अंडरपास में पानी भर जाता है। एम्स में गंभीर मरीजों का आना-जाना होता है। नैशनल हाइवे और रेलवे लाइन को पार करने के लिए ट्रंपेट इंटरचेंज बनाना आवश्यक है। बैठक में मौजूद रेवाड़ी एम्स के निदेशक डॉ. डीएन शर्मा ने बताया कि एम्स निर्माण के दौरान हरियाणा सरकार के साथ हुए समझौते में ट्रंपेट इंटरचेज निर्माण की बात कही गई है। निर्माणाधीन एम्स में जल्द ओपीडी शुरू करने के लिए बिजली के अलग फीडर बनाने, पीने के पानी का इंतजाम करने पर चर्चा हुई।