
नए साल में विकास की कई परियोजनाओं को शुरू किया जाएगा : सीईओ
गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। नए साल में विकास की कई परियोजनाओं को शुरू किया जाएगा। इसके अलावा निर्माणाधीन परियोजनाओं को पूरा किया जाएगा। विकास कार्य
गुरुग्राम। नए साल में विकास की कई परियोजनाओं को शुरू किया जाएगा। इसके अलावा निर्माणाधीन परियोजनाओं को पूरा किया जाएगा। विकास कार्यों में पारदर्शिता बरती जाएगी। यह बात बुधवार को गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कही। मीणा ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मिलेनियम सिटी के निवासियों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़कों, फ्लाईओवर, पानी की सप्लाई, सीवर और पानी निकासी के अलावा सार्वजनिक परिवहन सेवा को बेहतर बनाया जाएगा। इस दौरान गुणवत्ता और समय पर परियोजनाओं को पूरा करने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सेक्टर 45-46-51-52 चौक (अंबेडकर चौक) व सेक्टर 85-86-89-90 चौक (दादी सती चौक) पर फ्लाईओवर के निर्माण किए जाएंगे।
अगले साल में इन योजनाओं पर काम शुरू हो जाएगा। एसपीआर और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड के एलिवेटिड निर्माण की योजना के शुरू होने से वाहन चालकों को यातायात जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। सर्विस रोड की विशेष मरम्मत करवाई जाएगी। व्यापार केंद्र रोड, गलेरिया रोड और एमजी रोड के निर्माण कार्य को पूरा किया जाएगा। जल शोधन संयंत्र की क्षमता बढ़ाई जाएगी बसई और चंदू बुढेड़ा में 100-100 एमएलडी के नए जल शोधन संयंत्र का निर्माण अगले साल में शुरू किया जाएगा। इसके अलावा 100 एमएलडी के निर्माणाधीन संयंत्र का निर्माण कार्य मार्च माह तक पूरा हो जाएगा। सेक्टर-72 के बूस्टिंग स्टेशन को शुरू करके सेक्टर-58 से लेकर 80 तक विकसित रिहायशी क्षेत्रों को पर्याप्त पानी उपलब्ध करवाया जाएगा। सीवर और पानी निकासी की योजनाएं शुरू होंगी सीवर प्रणाली को मजबूत किया जाएगा। सेक्टर-107 में 100 एमएलडी, नौरंगपुर में 40 एमएलडी क्षमता के सीवर शोधन संयंत्र का निर्माण किया जाएगा। बरसाती नाला नंबर चार का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसे 31 मई तक पूरा किया जाएगा। दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित गांव नरसिंहपुर में जलभराव की समस्या को समाप्त करने के लिए कच्चे नाले को पक्का किया जाएगा। सेक्टर-68 से लेकर 80 और सेक्टर-112 से लेकर 115 तक बरसाती नाले का निर्माण पूरा किया जाएगा। मॉनसून के दौरान जलभराव की स्थिति नहीं बने, इसका खासा ध्यान रखा जाएगा। सिटी बस सेवा को बेहतर बनाएंगे मीणा ने कहा कि सिटी बस सेवा को बेहतर बनाएंगे। मौजूदा समय में 150 सिटी बस का संचालन हो रहा है। 200 इलेक्ट्रिक बस मार्च माह तक आ जाएंगी। सेक्टर-48 के निर्माणाधीन बस अड्डा बनकर तैयार हो जाएगा। सेक्टर-68 से लेकर 115 तक निर्माणाधीन बस क्यू शेल्टर बनकर तैयार हो जाएंगे। सेक्टर-10 में बस अड्डा तैयार किया जाएगा। मिलेनियम सिटी को एक सुगम, सक्षम और भविष्य के लिए तैयार शहर बनाने की दिशा में जीएमडीए कार्य कर रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




