महिला को बातों में लगाकर गहने उतरवाए

Mar 09, 2026 11:22 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share

गुरुग्राम में एक महिला को ठगों के एक गिरोह ने सम्मोहन का सहारा लेकर लूट लिया। महिला ने बिना विरोध किए अपने गले का मंगलसूत्र और कानों के सोने के टॉप्स ठगों को दे दिए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

महिला को बातों में लगाकर गहने उतरवाए

गुरुग्राम। शहर में ठगों के एक शातिर गिरोह ने सम्मोहन का सहारा लेकर एक महिला को अपना शिकार बनाया है। ठगों ने महिला को अपनी बातों के जाल में ऐसा उलझाया कि उसने खुद ही अपने गले का मंगलसूत्र और कानों के सोने के टॉप्स उतारकर उन्हें सौंप दिए। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर सेक्टर-14 थाने में केस दर्ज किया। ईस्ट राजीव नगर की रहने वाली मीना मेहता ने पुलिस को बताया कि सात मार्च की शाम करीब छह बजे वह शीतल स्वीट्स से मिठाई लेकर पास ही एक रेहड़ी से प्याज खरीद रही थीं। इसी दौरान वहां खड़ी एक अज्ञात महिला ने उनका हाथ पकड़ लिया और उनसे बातें करने लगी।

बातों-बातों में वह महिला मीना को कटारिया स्कूल के पास ले गई, जहां उसके दो अन्य नौजवान साथी पहले से मौजूद थे।शिकायत के अनुसार, कटारिया स्कूल के पास पहुंचते ही एक युवक ने मीना से उनका मंगलसूत्र (जिसमें आधा तोला सोने का लॉकेट था) निकालने को कहा। मीना ने बिना विरोध किए उसे दे दिया। थोड़ी दूर आगे बढ़ने पर उस महिला ने मीना से उनके कानों के सोने के टॉप्स (वजन सवा तोला) भी उतारने को कहा। पीड़िता ने बताया उस दौरान मुझे नहीं पता कि मुझे क्या हो गया था, मैंने खुद ही अपना सारा सामान उन्हें दे दिया। गहने लेने के बाद ठगों ने उन्हें सीआरपीएफ कैंप चौक से एक ई-रिक्शा में बैठा दिया और खुद फरार हो गए।जांच अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि उस संदिग्ध महिला और उसके दोनों साथियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर किसी भी अनजान व्यक्ति के ज्यादा करीब आने या अकारण बातों में उलझाने पर सतर्क रहें।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।