Gurgaon News: पुराना कूड़ा निस्तारण की अंतिम समय-सीमा तय करने में निगम असमर्थ, एनजीटी से मांगा समय
Gurgaon News: - बंधवाड़ी साइट पर अब भी 17.2 लाख मीट्रिक टन कचरा बाकी पुराना कूड़ा निस्तारण की अंतिम तय करने में निगम

Gurgaon News: गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) में बंधवाड़ी लैंडफिल मामले की बुधवार को होने वाली सुनवाई से पहले नगर निगम गुरुग्राम ने स्वीकार किया है कि वह साइट से पूरे लिगेसी वेस्ट (पुराने कचरे) के निस्तारण की कोई पक्की समय-सीमा देने की स्थिति में नहीं है। निगम ने पूरी समय-सीमा तय करने के लिए ट्रिब्यूनल से नवंबर-दिसंबर तक का समय मांगा है।
समयसीमा की मांग
सोमवार को एनजीटी में दाखिल हलफनामे में निगम ने कहा कि मौजूदा अनुबंध समाप्त होने के बाद बचने वाले शेष कचरे के निस्तारण के लिए सरकार से प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद ही नवंबर-दिसंबर 2026 में अंतिम तारीख तय की जा सकेगी। हलफनामे के अनुसार, 16 अगस्त तक बंधवाड़ी लैंडफिल पर करीब 17.2 लाख मीट्रिक टन कचरा प्रोसेस होना बाकी है। वर्ष 2026 के शुरुआती साढ़े आठ महीनों में एजेंसियों द्वारा 3.6 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण किया गया है। जनवरी 2026 में दो एजेंसियों को 14 लाख मीट्रिक टन कचरे के निस्तारण का ठेका दिया गया था। बाद में निगम ने 2.8 लाख मीट्रिक टन अतिरिक्त कचरे की मंजूरी ली, जिससे कुल स्वीकृत मात्रा 16.8 लाख मीट्रिक टन हो गई। मासिक कार्ययोजना के तहत फरवरी 2027 तक 14 लाख मीट्रिक टन कचरे के निस्तारण का लक्ष्य है, लेकिन इस लक्ष्य के पूरा होने के बाद भी समस्या खत्म नहीं होगी। अनुबंध की कुल 16.8 लाख मीट्रिक टन क्षमता पूरी होने के बाद भी लगभग चार लाख मीट्रिक टन पुराना पुराना कूड़ा बच जाएगा।
नया कूड़ा पैदा करेगा संकट
लिगेसी वेस्ट के साथ ही रोजाना निकलने वाले फ्रेश वेस्ट (ताजा ठोस कचरा) का बंधवाड़ी में गिरना भी बड़ी समस्या है। निगम ने ताजा कचरे के संग्रह और निस्तारण के लिए वैकल्पिक साइट चिन्हित कर ली है, जो 25 फरवरी 2027 से शुरू होने की उम्मीद है। तब तक बंधवाड़ी में ही ताजा कचरा भेजा जाएगा। इस अवधि में करीब 3.25 लाख मीट्रिक टन नया कचरा लैंडफिल पर और जमा हो जाएगा। निगम के आकलन के अनुसार, मार्च 2027 तक साइट पर लगभग 7.2 लाख मीट्रिक टन (चार लाख मीट्रिक टन पुराना कचरा साथ में 3.25 लाख मीट्रिक टन नया कचरा) कचरा बचा रहेगा।
शेष के लिए सरकार को भेजा जाएगा प्रस्ताव
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि मार्च 2027 के बाद बचने वाले सात लाख मीट्रिक टन से अधिक कचरे के निस्तारण के लिए अग्रिम योजना बनाई जा रही है। इसका प्रस्ताव प्रशासनिक मंजूरी के लिए जल्द सरकार को भेजा जाएगा। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद नवंबर-दिसंबर 2026 में ही पूरे लिगेसी वेस्ट के पूर्ण खात्मे की सटीक तारीख तय हो सकेगी, जिसके लिए एनजीटी से समय मांगा गया है। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में मासिक लक्ष्यों को पूरा किया जा रहा है और तय समय-सीमाओं का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।


