
सड़कों के रखरखाव में लापरवाही पर अधिकारी नपेंगे
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के सीईओ पीसी मीणा ने विकास परियोजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी है। उन्होंने अधिकारियों को मुख्य सड़कों और फुटपाथों के रखरखाव में सुधार लाने के निर्देश दिए हैं। यदि कोई इंजीनियर लापरवाही करता है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा इस बार अक्रामक रूप में नजर आएंगे। पद्भार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि विकास परियोजनाओं में लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हिन्दुस्तान संवाददाता से बातचीत में जीएमडीए सीईओ ने कहा कि मिलेनियम सिटी की मुख्य सड़कों और फुटपाथ के रखरखाव में लापरवाही बरतने वाले इंजीनियर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। यदि सेवानिवृत्त अधिकारी है तो उसे निकाला जाएगा। यदि नियमित अधिकारी है तो उसे उसके विभाग में वापस भेज दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यकारी अभियंताओं को आदेश जारी किए हैं कि जो मुख्य सड़क या फुटपाथ डीएलपी (दोष दायित्व रखरखाव अवधि) में है तो उसे 15 दिन के अंदर दुरुस्त करवाया जाए।

यदि डीएलपी में सड़क सुरक्षा उपकरण हैं तो उन्हें मुहैया करवाया जाए। इस समयावधि के बाद किसी स्थानीय निवासी या आरडब्ल्यूए की उनके पास शिकायत आती है तो उनकी खैर नहीं होगी। ठेकेदार एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई बाद में होगी, पहले अधिकारी से सख्ती से निपटा जाएगा। मीणा ने बताया कि जिन सड़कों की डीएलपी खत्म हो चुकी है, उनके दोबारा निर्माण के लिए टेंडर आमंत्रित करने की प्रक्रिया को शुरू किया जाए। उनके मुताबिक मिलेनियम सिटी में सड़कों की मरम्मत के कार्य को चार भागों में बांटा जाएगा। ऐसा इसलिए किया जाएगा कि यदि कोई ठेकेदार लापरवाही बरतता है तो उसके कार्य को दूसरे ठेकेदार के माध्यम से करवाया जाएगा। सड़कों की मरम्मत को लेकर तीन साल की समयावधि के टेंडर लगाए जाएंगे। इससे कोई सड़क क्षतिग्रस्त होती है तो उसकी तुरंत मरम्मत कर दी जाएगी। कार्यालय में नहीं बैठे रहे अधिकारी उन्होंने कहा कि अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि वे कार्यालय में नहीं बैठे रहें। निर्माणाधीन परियोजना, डीएलपी परियोजना और अपने अधीन क्षेत्रों का निरीक्षण करें। उनके निरीक्षण में कमियां मिली तो नोटिस देकर जवाब तलब किया जाएगा। एसपीआर निर्माण प्राथमिकता के आधार पर होगा मीणा ने बताया कि एसपीआर पर एलिवेटिड रोड का निर्माण प्राथमिकता रहेगी। इसको लेकर उन्होंने अधिकारियों को डीपीआर तैयार करवाने के दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। दादी सती चौक और अंबेडकर चौक पर फ्लाईओवर निर्माण को लेकर जल्द टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। डीपीआर में भूमि अधिग्रहण शामिल होगा उन्होंने बताया कि भविष्य में बनने वाली सभी परियोजनाओं की डीपीआर में भूमि अधिग्रहण को शामिल किया जाएगा। अब तक डीपीआर में इसको शामिल नहीं किया जाता था। टेंडर आवंटन के बाद निर्माण कार्य को पूरा करवाने में देरी होती थी, लेकिन इंजीनियर को इस सिलसिले में दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। यदि टेंडर आवंटित भी हो जाता है, उसके एक महीने के अंदर जमीन की अड़चन को दूर करना होगा। लापरवाही बरतने पर अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। राजीव चौक पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करेंगे जीएमडीए सीईओ ने बताया कि दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित राजीव चौक पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। इसके लिए एनएचएआई अधिकारियों से जल्द बैठक की जाएगी। इसके अलावा मिलेनियम सिटी के सभी चौक चौराहों को सुरक्षित किया जाएगा। लेन डिवाइडिंग और जेब्रा क्रासिंग के निर्माण के साथ-साथ फुटपाथ बनाए जाएंगे। व्यस्ततम सड़कों पर एफओबी का निर्माण होगा उन्होंने कहा कि मिलेनियम सिटी की व्यवस्था सड़कों पर एफओबी का निर्माण किया जाएगा। मोबिलिटी शाखा को आदेश जारी किए हैं कि वे पुलिस विभाग से सड़क को पार करने के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी लें। जिन सड़कों पर सड़क पार करने वाले लोगों की संख्या अधिक है, वहां पर एफओबी निर्माण के टेंडर लगाए जाएं। यमुना में गंदा पानी जाने से रोका जाएगा मीणा ने बताया कि यमुना को प्रदूषित होने से बचाने के पर्याप्त बंदोबस्त किए जाएंगे। सीवर शोधन संयंत्र पर की थर्ड पार्टी से जांच करवाई जाएगी। पानी निकासी के प्वाइंट पर बीओडी और सीओडी स्तर का मूल्यांकन किया जाएगा। ऑनलाइन एनालाइजर लगाए जाएंगे। पर्यावरण शाखा को उन्होंने आदेश जारी किए कि सीवर शोधित संयंत्र से निकल रहे अधिकांश पानी का हरित क्षेत्र में इस्तेमाल किया जाए। हरित क्षेत्रों को हरा-भरा किया जाए। डिवाइडर पर हरित क्षेत्र का सौंदर्यकरण किया जाए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




