
बस डिपो निर्माण के बिल में 35 लाख की गड़बड़ी पकड़ी
- सेक्टर-48 स्थित बस डिपो निर्माण में ठेकेदार कंपनी ने पुराने एचएसआर के तहत बिल बनाकर कार्यकारी अभियंता कार्यालय में जमा करवाया था
गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। सेक्टर-48 स्थित बस डिपो के निर्माण के बिल में करीब 35 लाख रुपये की गड़बड़ी पकड़ी गई है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की निरीक्षण एवं निगरानी शाखा ने इस गड़बड़ी को पकड़ा है। जीएमडीए की तरफ से सेक्टर-48 में करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से बस डिपो का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। इस बस डिपो के निर्माण को इस साल दिसंबर माह तक पूरा करवाने का लक्ष्य है। ठेकेदार कंपनी ने जीएमडीए में लगाए गए बिल में सरियों के दाम पुराने एचएसआर (हरियाणा शेड्यूल रेट्स) के तहत लगा दिए। खास बात यह रही कि एफटी, उपमंडल अधिकारी और कार्यकारी अभियंता ने इस बिल को मंजूर कर दिया।

ठेकेदार को बिल की पेमेंट करने से पहले फाइल पर निरीक्षण एवं निगरानी शाखा की मंजूरी ली जाती है। बिल की यह फाइल जब इस शाखा के पास जांच के लिए पहुंचीं तो पाया गया कि नए एचएसआर की बजाय पुराने एचएसआर के तहत सरियों के दाम बिल में लगाए गए हैं। इस वजह से करीब 35 लाख रुपये का नुकसान जीएमडीए को हो रहा था। शाखा ने इस बिल में से इस राशि को काटकर कार्यकारी अभियंता कार्यालय को सूचित कर दिया है। बता दें कि कुछ दिन पहले एमजी रोड पर घटिया पेंट की एवज में 45 लाख रुपये बिल में डालकर मंजूरी के लिए कार्यकारी अभियंता कार्यालय ने निरीक्षण एवं निगरानी शाखा में भेज दिए थे। जीएमडीए को होने वाले इस वित्तीय नुकसान को निरीक्षण एवं निगरानी शाखा ने बचा लिया था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


