खेल: मुक्केबाजों को राष्ट्रीय मंच पर दम दिखाने का मौका
- 22 जून से जालंधर में होगी 5वीं अंडर-15 सब जूनियर राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप, 13-14 वर्ष आयु वर्ग के बॉक्सर लेंगे हिस्सा

गुरुग्राम, साक्षी रावत। जिले के युवा मुक्केबाजों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलने जा रहा है। बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से 22 से 30 जून तक जालंधर (पंजाब) में 5वीं अंडर-15 सब जूनियर बॉयज एवं गर्ल्स नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में 13 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे। इसके लिए जिला स्तर पर खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है। चैंपियनशिप में लड़के और लड़कियां 15-15 विभिन्न भार वर्गों में मुकाबला करेंगे। प्रतियोगिता के मुकाबले 23 जून से 29 जून तक आयोजित किए जाएंगे, जबकि 22 जून को खिलाड़ियों की एंट्री जांच और ड्रॉ प्रक्रिया पूरी होगी।
प्रतियोगिता का आयोजन जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में किया जाएगा। प्रतियोगिता में वही खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे जिनका जन्म 1 जनवरी 2012 से 31 दिसंबर 2013 के बीच हुआ हो। खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, रिकॉर्ड बुक और आयु सत्यापन से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के नियमों के अनुसार मेडिकल जांच और वजन माप की प्रक्रिया भी अनिवार्य होगी। राष्ट्रीय चैंपियनशिप युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने का बड़ा मंच है। गुरुग्राम जिले में पिछले कुछ वर्षों में बॉक्सिंग के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ा है और कई खिलाड़ी राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं। ऐसे में इस प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों में उत्साह देखा जा रहा है। जिला बॉक्सिंग से जुड़े पदाधिकारियों के अनुसार राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए जल्द ही ट्रायल और चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। चयनित खिलाड़ी हरियाणा टीम का हिस्सा बनकर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में अपनी चुनौती पेश करेंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


