गुरुग्राम और मानेसर में लगेंगे 25-25 मेगावाट के वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट
- प्रदेश बजट में घोषणा के बाद कचरा प्रबंधन को मिलेगी नई दिशा गुरुग्राम और मानेसर में लगेंगे मेगावाट के वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट

गुरुग्राम। गुरुग्राम और मानेसर में कचरा निस्तारण की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। बजट में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के तहत दोनों शहरों में 25-25 मेगावाट क्षमता के वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इन संयंत्रों के माध्यम से ठोस कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा और उससे बिजली का उत्पादन भी किया जाएगा। बता दें कि वर्तमान में बंधवाड़ी प्लांट में लगभग 16.6 लाख मीट्रिक टन कूड़ा जमा है, जो लंबे समय से स्थानीय निवासियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। कूड़ा निस्तारण के लिए नगर निगम द्वारा अब तक 300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया।
नए वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट लगने से लैंडफिल साइट पर दबाव कम होगा और भविष्य में कूड़े के पहाड़ बनने की स्थिति पर रोक लगेगी। उच्च स्तरीय समिति का गठन इस परियोजना को गति देने के लिए शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने हाल ही में एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। इस समिति में कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को शामिल किया गया है, जो परियोजना की रूपरेखा, तकनीकी पहलुओं और क्रियान्वयन की निगरानी करेंगे। सरकार का मानना है कि इन संयंत्रों से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन के माध्यम से क्षेत्र की ऊर्जा जरूरतों को भी आंशिक रूप से पूरा किया जा सकेगा। गुरुग्राम और मानेसर के लिए यह पहल कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बदलाव साबित हो सकती है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



