
अच्छी खबर: मिशन बुनियाद में गुरुग्राम टॉप-3 में, आवासीय केंद्र की बड़ी जिम्मेदारी भी मिली
गुरुग्राम ने मिशन बुनियाद परीक्षा में तीसरा स्थान हासिल किया, जहाँ 1637 छात्रों का चयन हुआ। शिक्षा विभाग ने गुरुग्राम में आवासीय केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया है, जो 2026 से शुरू होगा। यह केंद्र छात्रों को विशेष शैक्षणिक प्रशिक्षण और हॉस्टल सुविधा प्रदान करेगा। लेवल-2 परीक्षा 30 जनवरी को आयोजित होगी।
- मिशन बुनियाद में गुरुग्राम की मजबूत पकड़, प्रदेश के 22 जिलों में गुरुग्राम रहा टॉप-3 में शामिल - लेवल-1 परीक्षा में 1637 छात्रों का चयन, आवासीय केंद्र बनने से गुरुग्राम को मिली बड़ी शैक्षणिक जिम्मेदारी - लेवल-2 परीक्षा 30 जनवरी को, चयनित छात्रों के लिए अगला चरण गुरुग्राम, संवाददाता। मिशन बुनियाद कार्यक्रम में गुरुग्राम जिले ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक क्षमता का लोहा मनवाया है। प्रदेश स्तरीय मूल्यांकन में गुरुग्राम के छात्रों ने तीसरा स्थान हासिल किया है, जबकि जिले से 1637 छात्रों का चयन मिशन बुनियाद प्रवेश परीक्षा (लेवल-1) में हुआ है। इस उपलब्धि के बाद शिक्षा विभाग ने एक और बड़ा निर्णय लेते हुए मिशन बुनियाद का आवासीय केंद्र गुरुग्राम में स्थापित करने का फैसला किया है।
शिक्षा अधिकारियों के अनुसार यह केंद्र वर्ष 2026 से शुरू किया जाएगा, जहां चयनित मेधावी छात्रों को हॉस्टल सुविधा के साथ विशेष, अनुशासित और केंद्रित शैक्षणिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे न केवल गुरुग्राम बल्कि आसपास के जिलों के छात्रों को भी लाभ मिलेगा। प्रदेश स्तर पर जिलों की रैंकिंग में गुरुग्राम टॉप-3 में: मिशन बुनियाद प्रवेश परीक्षा लेवल-1 के परिणामों के अनुसार प्रदेश में कुल 26,660 छात्रों का चयन किया गया है। जिलावार प्रदर्शन की बात करें तो हिसार जिला पहले स्थान, सिरसा दूसरे स्थान और गुरुग्राम तीसरे स्थान पर रहा है। गुरुग्राम से 1637 छात्रों का चयन हुआ है, जो यह दर्शाता है कि जिला न केवल संख्या बल्कि गुणवत्ता के स्तर पर भी मजबूत स्थिति में है। जिले के टॉप-3 छात्र और स्कूल: जिला विज्ञान विशेषज्ञ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मिशन बुनियाद के तहत गुरुग्राम में तीन छात्रों का सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा। जिसमें सुशांत लोक मॉडल संस्कृति स्कूल के छात्र सोहन ठाकुर ने प्रदेश स्तर पर 44वीं रैंक, सेक्टर 14 गवर्नमेंट मिडिल स्कूल के छात्र अंश कुमार ने प्रदेश स्तर पर 55वीं रैंक और पटौदी गवर्नमेंट स्कूल के छात्र इच्छा ने प्रदेश स्तर पर 65वीं रैंक प्राप्त की है। इसके साथ ही सबसे बेहतरीन करने वाले स्कूलों में जिले में पहले नंबर पर सेक्टर 4/7 स्थित सरकारी स्कूल यहां से 41 छात्रों ने जगह बनाई। दूसरे स्थान पर कादीपुर के 37 और तीसरे नंबर पर गढ़ी हरसरू सरकारी स्कूल के 36 छात्रों ने अपनी जगह बनाई है। मिलेगा बड़ा लाभ: गुरुग्राम में बनने वाला मिशन बुनियाद का रेजिडेंशियल केंद्र वर्ष 2026 से शुरू किया जाएगा। इस केंद्र में चयनित मेधावी छात्रों को आवासीय सुविधा के साथ विशेष और केंद्रित शैक्षणिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। यहां छात्रों को अनुशासित माहौल, नियमित अध्ययन और विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलेगा, जिससे वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकेंगे। लेवल-2 परीक्षा और आगे की प्रक्रिया: लेवल-1 में चयनित छात्रों के लिए लेवल-2 की परीक्षा 30 जनवरी को आयोजित की जाएगी। इसके बाद लेवल-2 में सफल छात्र लेवल-3 के लिए पात्र होंगे और इन्हीं छात्रों को रेजिडेंशियल प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। शिक्षा विभाग के अनुसार यह पूरी प्रक्रिया छात्रों की निरंतर प्रगति को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। शिक्षा के केंद्र के रूप में उभरता गुरुग्राम: शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि रेजिडेंशियल केंद्र की स्थापना से गुरुग्राम शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश का एक प्रमुख हब बनकर उभरेगा। इससे न केवल जिले के छात्रों को फायदा होगा, बल्कि आसपास के जिलों के मेधावी छात्रों को भी गुणवत्तापूर्ण सरकारी शिक्षा का लाभ मिलेगा। रेजिडेंशियल केंद्र से छात्रों को लाभ: इस केंद्र के शुरू होने से गुरुग्राम सहित आसपास के जिलों के छात्रों को आवासीय पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। यहां पर विषय विशेषज्ञों द्वारा केंद्रित तैयारी कराई जाएगी, जिससे पढ़ाई के साथ अनुशासन, समय प्रबंधन और प्रतियोगी माहौल विकसित होगा। इससे राज्य स्तरीय और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को भी मजबूती मिलेगी। मिशन बुनियाद कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2022 में की गई थी। इसके तहत डिजिटल प्लेटफॉर्म और डिजिटल सैटेलाइट क्लासरूम के माध्यम से पढ़ाई कराई जा रही है। वर्तमान में प्रदेशभर में 103 मॉडल स्कूलों के माध्यम से इस योजना का संचालन हो रहा है। यह केंद्र कुरुक्षेत्र, हिसार, पानीपत और गुरुग्राम में बनने हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




