बंधवाड़ी में नहीं होगा फरीदाबाद का कूड़ा निस्तारण : मनोहर लाल
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने गुरुग्राम के बंधवाड़ी कूड़ा प्लांट का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फरीदाबाद का कूड़ा वहीं निस्तारित हो। नगर निगम ने 40 करोड़ रुपये का नया टेंडर खोला है, जिसमें केवल गुरुग्राम का कूड़ा निपटाया जाएगा। मंत्री ने काम की रफ्तार बढ़ाने के लिए अधिक एजेंसियों को शामिल करने का आदेश दिया।

गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने गुरुवार को गुरुग्राम के बंधवाड़ी कूड़ा प्लांट का औचक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने साफ किया कि बंधवाड़ी प्लांट के हालातों में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया है, पहले भी यही स्थिति थी और अब भी वही है। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अब फरीदाबाद का कूड़ा फरीदाबाद में ही निस्तारित होना चाहिए और गुरुग्राम का कूड़ा गुरुग्राम में ही निपटाया जाए। बंधवाड़ी में कचरे के पहाड़ों को खत्म करना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने काम की रफ्तार बढ़ाने के लिए मशीनों और एजेंसियों की संख्या बढ़ाने के आदेश दिए।
फरीदाबाद के कूड़े का निस्तारण
केंद्रीय मंत्री के दौरे के बीच गुरुग्राम नगर निगम ने बड़ा फैसला लेते हुए फरीदाबाद के कूड़े का निस्तारण बंद करने की तैयारी कर ली है। नगर निगम ने बंधवाड़ी साइट पर ताजा कूड़े के निपटारे के लिए 40 करोड़ रुपये की लागत से नया टेंडर खोला है। इस नए टेंडर में केवल गुरुग्राम शहर से निकलने वाले कूड़े को ही शामिल किया गया है। नए टेंडर में हर दिन 1100 टन कूड़े के निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है, जबकि वर्तमान में गुरुग्राम से रोजाना करीब 1200 टन ताजा कूड़ा बंधवाड़ी पहुंच रहा है। वहीं, फरीदाबाद का लगभग 900 से एक हजार टन कूड़ा भी इसी साइट पर डाला जा रहा था, जिससे संकट बढ़ गया था।
बंधवाड़ी में लगा कचरे का पहाड़
बंधवाड़ी प्लांट में फिलहाल करीब 18 लाख मीट्रिक टन से अधिक पुराने कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। चिंता की बात यह है कि बीते एक साल में ही यहां 4 लाख मीट्रिक टन से अधिक नया कूड़ा पहुंच चुका है। नगर निगम की तरफ से पिछले कई सालों से ताजा कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण नहीं किया जा रहा है, जिससे प्रदूषण का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
तीन बार फेल होने के बाद चौथी बार में खुला टेंडर
ताजा कूड़े के निस्तारण के लिए नगर निगम ने करीब 40 करोड़ रुपये का टेंडर लगाया था, जो गुरुवार को खोला गया। इस टेंडर में दो एजेंसियों ने हिस्सा लिया है। इससे पहले तीन बार लगाए गए टेंडरों में किसी भी कंपनी ने रुचि नहीं दिखाई थी। अधिकारियों के मुताबिक, पुरानी शर्तों और दरों की वजह से कंपनियां आगे नहीं आ रही थीं, लेकिन अब शर्तों में बदलाव के बाद टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ी है।
दो की जगह अब ज्यादा एजेंसियां संभालेंगी काम
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि साइट पर जमा पुराने कचरे को तेजी से हटाने के लिए वर्तमान में काम कर रही दो एजेंसियों के अलावा अन्य कंपनियों को भी काम पर लगाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी करने और प्रदूषण नियंत्रण के मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के आदेश भी जारी किए।
कोट:
फरीदाबाद के कूड़े का निस्तारण अब गुरुग्राम निगम द्वारा नहीं किया जाएगा। नए टेंडर में सिर्फ गुरुग्राम के कूड़े का ही निस्तारण किया जाएगा।
- सुंदर श्योराण, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम, गुरुग्राम।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


