मिलेनियम सिटी रंगों के स्वागत को तैयार
- गुरुग्राम में जगह-जगह होंगे भव्य होली उत्सव मिलेनियम सिटी रंगों के स्वागत को तैयार मिलेनियम सिटी रंगों के स्वागत को तैयार

गुरुग्राम,संवाददाता। मिलेनियम सिटी गुरुग्राम इस बार होली को सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि सामूहिक उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी में है। सेक्टरों की आरडब्ल्यूए, क्लब, फार्महाउस और कॉर्पोरेट हब, सब जगह रंगों की बहार के लिए मंच सजाएं जा रहे हैं। इस बार 4 मार्च, बुधवार को रंगोत्सव मनाया जाएगा, जबकि 3 मार्च यानी मंगलवार को ब्रह्म मुहूर्त में होलिका दहन होगा। साइबर सिटी से सोसायटियों तक रंगों की धूम: डीएलएफ साइबर हब में थीम-आधारित होली बैश, लाइव डीजे और ऑर्गेनिक गुलाल के साथ युवा वर्ग के लिए खास आयोजन होंगे। सेक्टर-59 स्थित थीम पार्क में ग्रैंड होली सेलिब्रेशन के तहत रेन डांस, फोम जोन और लाइव परफॉर्मेंस का इंतजाम रहेगा।
ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र के और सेक्टर-95 के फार्म और रिजॉर्ट में फैमिली-फ्रेंडली होली फेस्ट आयोजित किए जाएंगे, जहां बच्चों के लिए अलग प्ले जोन, लोक संगीत और पारंपरिक व्यंजन भी रहेंगे। सेक्टर-58 में रंगोत्सव 3.0 के तहत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और डीजे नाइट आकर्षण का केंद्र होंगी। इस बार क्या रहेगा नया: इस साल कई सोसायटियों में फूलों की होली का विशेष आयोजन होगा, जहां गुलाब और गेंदे की पंखुड़ियों से रंगोत्सव मनाया जाएगा। ड्राई होली और इको-फ्रेंडली होली का संदेश देते हुए ऑर्गेनिक रंगों का उपयोग किया जाएगा। बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग सुरक्षित जोन बनाए जाएंगे। कई आरडब्ल्यूए ने सामूहिक ढोल-नगाड़ों, लोक कलाकारों की प्रस्तुति और पारंपरिक पकवान में गुजिया, ठंडाई, दही-भल्ले के साथ मेल-मिलाप कार्यक्रम की योजना बनाई है। कॉर्पोरेट कंपनियां भी कर्मचारियों के लिए टीम होली मीट-अप आयोजित कर रही हैं, ताकि त्योहार को सामूहिक भावना के साथ मनाया जा सके। शुभ मुहूर्त पर होगा होलिका दहन: फाल्गुन पूर्णिमा 2 मार्च शाम 5:55 बजे से प्रारंभ होकर 3 मार्च शाम 4:40 बजे तक रहेगी। 2 मार्च को पूर्णिमा के साथ ही भद्रा लग जाएगी, जो 3 मार्च सुबह लगभग 5:30 बजे तक रहेगी। शास्त्रों के अनुसार भद्रा काल में होलिका दहन वर्जित होता है, इसलिए गुरुग्राम के प्रमुख मंदिरों और आरडब्ल्यूए ने 3 मार्च की सुबह ब्रह्म मुहूर्त में दहन का निर्णय लिया है। सेक्टर 4, 6,7, 14, 15, पालम विहार और डीएलएफ क्षेत्रों की बड़ी आवासीय सोसायटियों में सामूहिक होलिका दहन की तैयारी है। मंदिरों में विधि-विधान से पूजा, हवन और आरती के कार्यक्रम होंगे। होलिका पूजन में रोली, अक्षत, गुड़, चना, गेहूं की बालियां और गन्ना अर्पित किया जाएगा। विभिन्न समितियों की ओर से होंगे होली मिलन समारोह: गुरुग्राम में सेक्टर आरडब्ल्यूए, व्यापार मंडल, सांस्कृतिक समितियां और धार्मिक ट्रस्टों की ओर से भी होली मिलन समारोह आयोजित किए जाएंगे। सेक्टर-14 आरडब्ल्यूए, पालम विहार रेजिडेंट्स और डीएलएफ फेज-3 कमिटी सामूहिक फूलों की होली, भजन संध्या और सामूहिक आरती का आयोजन करेंगी। वहीं गुरुग्राम व्यापार मंडल बाजार क्षेत्रों में रंग-गुलाल और मिठाई वितरण कार्यक्रम रखेगा। विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से वरिष्ठ नागरिक सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। कई स्थानों पर सामूहिक गुजिया मिलन और ढोल-नगाड़ों के साथ पारंपरिक अंदाज में भाईचारे का संदेश दिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


