
एजेंसी सड़कों पर घूम रहे लावारिस पशुओं को पकड़ेगी
गुरुग्राम नगर निगम ने लावारिस पशुओं की बढ़ती संख्या के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पेस्टेक कंप्लीट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड को दो साल के लिए लावारिस पशुओं को पकड़ने और गौशाला तक पहुंचाने का कार्य सौंपा गया है। यह ठेका 17 नवंबर 2025 से 16 नवंबर 2027 तक प्रभावी रहेगा।
गुरुग्राम। शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर लावारिस पशुओं की बढ़ती संख्या से मिल रही लगातार शिकायतों के बाद, नगर निगम गुरुग्राम ने कार्रवाई तेज कर दी है। निगम ने लावारिस पशुओं को पकड़ने और उनके परिवहन का काम पेस्टेक कंप्लीट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड को सौंप दिया है। यह ठेका दो साल की अवधि के लिए दिया गया है, जो 17 नवंबर 2025 से 16 नवंबर 2027 तक प्रभावी रहेगा। बता दें कि अभी तक मवेशियों को पकड़ने के लिए निगम की तरफ से सिर्फ खानापूर्ति की जा रही थी। अब निगम ने एक ही एजेंसी को चारों जोन का काम सौंप दिया है।
दो साल तक यह एजेंसी अब शहर में मवेशियों को पकड़कर उन्हें गौशाला में पहुंचाने का काम करेगी। चारों जोन में होगा काम,1.53 करोड़ का ठेका निगम ने यह कार्य आदेश दो अलग-अलग मेमो नंबर के तहत जारी किया है, जिसके द्वारा कंपनी को नगर निगम गुरुग्राम के सभी चार ज़ोन का काम सौंपा गया है। इस ठेके की कुल प्रतिबंधित राशि 1,53,50 हजार (एक करोड़ तिरेपन लाख पचास हजार रुपये) है। यह कार्रवाई इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि बीते चार माह से लावारिस पशुओं को पकड़ने का काम लगभग बंद था, जिसके कारण सड़कों पर जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया था। नगर निगम ने एजेंसी को कार्य की सुचारूता सुनिश्चित करने के लिए कई कड़े निर्देश दिए हैं। कंपनी को आवंटित कार्य राशि का 5 फीसदी बैंक गारंटी के रूप में निगम आयुक्त के पक्ष में जमा कराना होगा। ऐसा न करने पर कार्य आदेश रद्द कर दिया जाएगा। साथ ही, कंपनी को लॉग बुक बनाए रखना होगा और निगम के साथ एक विस्तृत कार्य समझौता हस्ताक्षरित करना होगा। शहर में लावारिस पशुओं को पकड़ने को लेकर एजेंसी को काम अलॉट कर दिया है। दो साल के लिए एजेंसी शहर में लावारिस पशुओं को पकड़ने का काम करेगी। -प्रीतपाल सिंह, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम, गुरुग्राम

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




