मिलेनियम सिटी में 726 किलोमीटर सड़कों की सूरत बदलेगी

हिन्दुस्तान, गुड़गांव
Follow us on Google News
share

- 1971 करोड़ का बजट मंजूर, इसी साल सड़कें होंगी दोबारा विकसित मिलेनियम सिटी में 726 किलोमीटर की सूरत बदलेगी

मिलेनियम सिटी में 726 किलोमीटर सड़कों की सूरत बदलेगी

गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर सड़कों का बड़े स्तर पर पुर्नविकास किया जाएगा। कमिशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्यूएम) की कार्ययोजना के तहत मिलेनियम सिटी गुरुग्राम और मानेसर में सड़कों के बड़े पैमाने पर पुनर्विकास की तैयारी शुरू हो चुकी है। पर्यावरण को ध्यान में रखकर तैयार किए गए इस विशेष योजना के तहत गुरुग्राम की खस्ताहाल सड़कों को चमकाया जाएगा। इससे न केवल धूल से होने वाले प्रदूषण से मुक्ति मिलेगी, बल्कि शहर की रफ्तार को भी नया बूस्टर मिलेगा। इस परियोजना के लिए सरकार की तरफ से 1971 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट जारी किया गया है। प्रशासन ने नवंबर 2026 तक इन सभी सड़कों को पूरी तरह संवारने का लक्ष्य निर्धारित किया है। गुरुग्राम नगर निगम क्षेत्र में कुल सड़कों की लंबाई 2486.9 किलोमीटर है। इसमें से 1760.36 किलोमीटर सड़कें वर्तमान में अच्छी स्थिति में हैं। हालांकि, शहर के बढ़ते ट्रैफिक और बुनियादी ढांचे की जरूरतों को देखते हुए प्रशासन ने 726.54 किलोमीटर लंबी सड़कों को पुनर्विकसित करने के लिए चिन्हित किया है। इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए मैकेनिकल स्वीपिंग, सड़कों के किनारे हरियाली विकसित करने और पक्के फुटपाथ बनाने जैसे आधुनिक कार्यों को इस पुर्नविकास का हिस्सा बनाया गया है। निर्माण कार्य में सीएक्यूएम के नियमों का पूरी तरह पालन किया जाएगा ताकि काम के दौरान धूल नहीं उड़े।

2026 के लिए तय हुआ बड़ा लक्ष्य

सीएक्यूएम के निर्देशों के अनुसार इस योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है। नवंबर 2026 के लिए प्रशासन ने इसका लक्ष्य निर्धारित किया है। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कुल चिन्हित सड़कों में से 494.92 किलोमीटर हिस्से का पुनर्विकास पूरा किया जाना है। इस पूरे रोड पुर्नविकास योजना के लिए अनुमानित लागत 1971.06 करोड़ रुपये आंकी गई है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस काम में फंड की कमी आड़े न आए, इसके लिए साल 2026 के लिए पूरे 1971.06 करोड़ रुपये का प्रावधान भी कर दिया गया है।

अप्रैल तक 138 किलोमीटर से अधिक सड़क तैयार

सीक्यूएम को विभागों द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट के अनुसार 30 अप्रैल 2026 तक 138.21 किलोमीटर सड़क का पुनर्विकास कार्य सफलतापूर्वक पूरा भी किया जा चुका है। हालांकि, लक्ष्य बड़ा है और समयसीमा को देखते हुए अभी भी विभाग के सामने एक बड़ी चुनौती बाकी है। शुरुआती काम पूरा होने के बाद, अब भी कुल चिन्हित लक्ष्य के मुकाबले 588.33 किलोमीटर सड़क के पुनर्विकास का अंतर बाकी है, जिसे तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए निर्माण एजेंसियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सड़कों का निर्माण नगर निगम, जीएमडीए और पीडब्ल्यूडी द्वारा किया जाना है।

मानेसर में 327 करोड़ के बजट से सुधरेंगी सड़कें

गुरुग्राम के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्र मानेसर में भी सड़कों की हालत में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। मानेसर नगर निगम क्षेत्र में कुल 104.54 किलोमीटर सड़क का पुनर्विकास होना है। इसके लिए 327.84 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट आवंटित किया गया है। हालांकि, कछुआ चाल के कारण अप्रैल 2026 तक यहाँ केवल 6.47 किलोमीटर काम ही पूरा हो सका था, जिसे नवंबर की समय सीमा से पहले पूरा करने के लिए नगर निगम मानेसर के अधिकारियों को काम की रफ्तार कई गुना बढ़ाने के सख्त आदेश दिए गए हैं।

फरीदाबाद में भी बड़े स्तर पर काम

सीएक्यूएम फ्रेमवर्क के तहत केवल गुरुग्राम ही नहीं, बल्कि हरियाणा के अन्य 6 प्रमुख नगर निगमों व शहरों में भी सड़कों के पुनर्विकास का काम तेजी से चल रहा है। गुरुग्राम के बाद फरीदाबाद में सबसे बड़ा नेटवर्क है। यहां 437.5 किलोमीटर सड़क को ठीक किया जाना है, जिसके लिए 312.34 करोड़ रुपये का फंड जारी हुआ है और अप्रैल के अंत तक 143.91 किलोमीटर सड़क का कायाकल्प किया जा चुका है। इसके अलावा सोनीपत की कुल 1223.46 किलोमीटर सड़कों में से 209.72 किलोमीटर सड़क पुनर्विकास के दायरे में हैं, जिसके लिए 102.22 करोड़ के फंड का प्रावधान किया गया है।

सीक्यूएम के निर्देशों के अनुसार

निगम क्षेत्र में जिन सड़कों का पुर्नविकास किया जाना है, इसको लेकर निगम द्वारा सड़कों को चिन्हित करके उनको संवारने का काम शुरू कर दिया है। तय लक्ष्य के अनुसार सड़कों का निर्माण करवा दिया जाएगा।

- रविंद्र यादव, अतिरिक्त निगम आयुक्त, गुरुग्राम

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।