घरों के बाहर जीपीएस चिप लगाने की गति धीमी
सोहना के नगर परिषद में घर-घर से कूड़ा उठाने के लिए जीपीएस चिप लगाने का कार्य शुरू हुआ था। एक महीने के बाद भी केवल 15 हजार घरों में चिप लग पाई है, जबकि 17 हजार घर हैं। परिषद ने एजेंसी को पुरानी नियमों के आधार पर भुगतान करने का निर्णय लिया है।

सोहना, नरेश कुमार। नगर परिषद सोहना के 21 वार्डों में घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था को दुरुस्त और पारदर्शी बनाने के लिए घरों के बाहर जीपीएस चिप लगाने का कार्य शुरू किया गया था। लेकिन, एक महीना बीत जाने के बाद भी यह काम कछुआ गति से चल रहा है। कूड़ा उठाने का ठेका लेने वाली मुनीफ अहमद एजेंसी का दावा है कि उसने अब तक 15 हजार घरों के बाहर चिप लगा दी है, जबकि परिषद क्षेत्र में करीब 17 हजार घर हैं। जीपीएस चिप न लगने के कारण ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के कई इलाकों में कूड़ा उठाने वाले वाहन चालक मनमानी बरत रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मुनीफ अहमद एजेंसी ने एक अप्रैल से परिषद के सभी 21 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने का काम शुरू किया था। एजेंसी की तरफ से छोटे-बड़े कुल 30 वाहनों का उपयोग करते हुए इन वार्डों में बने लगभग 17 हजार घरों से कचरा उठाया जा रहा है। कूड़ा उठान की शत-प्रतिशत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के लिए एजेंसी को ही सभी 17 हजार घरों के बाहर जीपीएस चिप लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। लेकिन काम की धीमी रफ्तार के कारण हजारों घरों के बाहर अभी तक चिप नहीं लग पाई है, जिससे निगरानी में दिक्कत आ रही है。
अप्रैल माह का भुगतान पुराने नियम से ही होगा
नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार, जीपीएस चिप का काम पूरी तरह से संपन्न न होने के कारण मुनीफ अहमद एजेंसी को अप्रैल माह का भुगतान डोर-टू-डोर कूड़ा उठान के पुराने नियमों के आधार पर ही किया जाएगा। परिषद के सफाई निरीक्षक हरीश मेहता ने बताया कि परिषद की टीम एजेंसी की कार्यप्रणाली और कूड़ा उठाने की प्रक्रिया पर पैनी नजर रखे हुए है। फिलहाल एजेंसी का काम संतोषजनक तरीके से चल रहा है।
एजेंसी की तीन टीमों की जिम्मेदारी
एजेंसी की तीन टीमों को घरों के बाहर जीपीएस चिप लगाने की जिम्मेदारी दी गई है। तीनों टीमों के कर्मचारी अपने कार्य को पूरी जिम्मेदारी से निभा रहे हैं। अभी तक 15 हजार घरों के बाहर जीपीएस चिप लगाने का कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
- डॉ. सत्यवान सिंह पंडूरी, प्रबंधक, मुनीफ अहमद एजेंसी (सोहना)
सख्त विभागीय कार्रवाई
एजेंसी को सभी घरों के बाहर चिप लगाने के लिए दो माह का समय सौंपा गया था। एजेंसी को अपने कार्य की जिम्मेदारी निभानी होगी। 31 मई के बाद यदि शहर का कोई भी घर जीपीएस चिप लगने से छूटता है, तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- सुनील कुमार रंगा, कार्यकारी अभियंता, नगर परिषद, सोहना
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


