ऑनलाइन पोर्टल न चलने से अनाज मंडी में गेहूं की लिफ्टिंग अटकी

Apr 15, 2026 11:39 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share

- 26 हजार क्विंटल गेहूं की हो चुकी है खरीद, सिर्फ एक गाड़ी की ही हुई लिफ्टिंग ऑनलाइन पोर्टल न चलने से मंडी में गेहूं की

ऑनलाइन पोर्टल न चलने से अनाज मंडी में गेहूं की लिफ्टिंग अटकी

सोहना, नरेश कुमार। सोहना की अनाज मंडी में खरीदे गए सरकारी गेहूं की लिफ्टिंग का काम ऑनलाइन पोर्टल की वजह से बीच में ही अटका हुआ है। मंडी में अब तक सरकार के खाते में करीब 26 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है, लेकिन अभी तक सिर्फ एक गाड़ी ही गेहूं की लिफ्टिंग कर पाई है। एक से 14 अप्रैल तक मंडी में 28 हजार क्विंटल गेहूं आया है। इसमें से 25 हजार 993 क्विंटल गेहूं सरकारी खाते में खरीदा जा चुका है। लेकिन लिफ्टिंग का काम शुरू न होने से आढ़तियों और किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सरकार के आदेश के बाद भी सोहना की अनाज मंडी से लिफ्टिंग का डाटा ऑनलाइन पोर्टल पर जीरो जा रहा है, जबकि राज्य की बाकी सभी मंडियों का डाटा पोर्टल पर दिखाया जा रहा है। मंडी में भरे हुए बारदाने की लिफ्टिंग न होने से किसानों को अपनी गेहूं की फसल रखने के लिए मंडी में जगह नहीं मिल रही है। हजारों क्विंटल गेहूं खुले आसमान के नीचे पड़ा हुआ है। पिछले दिनों हुई बारिश में सही सुरक्षा न होने के कारण यह गेहूं भीग भी गया था।पोर्टल की खराबी से मार्केट कमेटी पर बढ़ा दबावगेहूं की लिफ्टिंग न होने से मार्केट कमेटी प्रशासन पर दबाव बढ़ता जा रहा है। लिफ्टिंग ठेकेदार सुंदरपाल का कहना है कि उन्होंने अपनी गाड़ी के सभी कागजात ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करने के लिए दे दिए हैं। लेकिन पोर्टल पर नहीं दिखने के कारण लिफ्टिंग में देरी हो रही है। वहीं, मार्केट कमेटी के सचिव दिनेश श्योकंद ने बताया कि खरीदे गए गेहूं की लिफ्टिंग कराने की मार्केट कमेटी की कोई जिम्मेदारी नहीं है और न ही वे एजेंसी या ठेकेदार पर कोई कार्रवाई कर सकते हैं। उन्होंने इस प्रणाली की खराबी ठीक कराने के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र लिखा है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।