नरसिंहपुर में जलभराव से राहत मिलेगी
गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गांव नरसिंहपुर से बादशाहपुर नाले को पक्का करने का कार्य शुरू किया जाएगा। जीएमडीए ने टेंडर जारी कर दिया है, जो छह महीने में पूरा किया जाएगा। इससे नरसिंहपुर और खांडसा में जलभराव की समस्या कम होगी, जो पिछले 10 वर्षों से बनी हुई थी।

गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गांव नरसिंहपुर से बादशाहपुर नाले में मिल रहे कच्चे बरसाती नाले को पक्का किया जाएगा। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने टेंडर लगा दिया है। इस नाले के पक्का होने के बाद गांव नरसिंहपुर और खांडसा में बन रहे उद्योगों को जलभराव से राहत मिलेगी। पिछले 10 साल से दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गांव नरसिंहपुर के समीप सर्विस रोड पर भारी जलभराव हो रहा था। पिछले साल जीएमडीए ने रामा गार्डन से बादशाहपुर नाले तक करीब 750 मीटर लंबा कच्चा नाला खोद दिया था। इस वजह से इस बार मानसून में नरसिंहपुर के समीप जलभराव की अधिक समस्या नहीं रही।
वाहन चालकों को राहत मिली। वैसे इस सर्विस रोड पर डेढ़ से दो फीट तक पानी भर जाता था, जिसमें कई वाहन बंद हो जाते थे। कई बार तो बारिश पानी हाईवे की मुख्य सड़क तक पहुंच जाता था। कच्चे बरसाती नाले की सफलता के बाद अब इसको पक्का करने की योजना पर काम किया जा रहा है। छह माह में नाले को पक्का करने का दावा जीएमडीए ने नाले को पक्का करने के लिए टेंडर जारी कर दिया है। आठ जनवरी को इस टेंडर को खोला जाएगा। टेंडर आवंटन के छह महीने के अंदर ठेकेदार को यह कार्य पूरा करना होगा। दावा किया जा रहा है कि इसके बनने के बाद नरसिंहपुर में जलभराव की समस्या नहीं बनेगी। जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता विक्रम सिंह के मुताबिक बरसाती नाले को पक्का किया जाएगा। इसके तहत टेंडर जारी कर दिया है। टेंडर आवंटन के बाद निर्धारित समयावधि में इस कार्य को पूरा करवाया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




