
गैंगस्टर सुनील सिंह सरधानिया दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार
संक्षेप: गुरुग्राम पुलिस ने बॉलीवुड सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर गोली चलवाने और रोहित शौकिन की हत्या में संलिप्त गैंगस्टर सुनील सिंह सरधानिया को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। सुनील पर 24 आपराधिक मामले दर्ज...
गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। बॉलीवुड सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर गोली चलवाने और रोहित शौकिन की हत्या की वारदात को अंजाम देने के मामले में संलिप्त गैंगस्टर सुनील सिंह सरधानिया को गुरुग्राम पुलिस ने दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से रविवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। इसे अदालत में पेश करके पांच दिन के रिमांड पर लिया है। सेक्टर-31 की अपराध शाखा के प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार ने दिल्ली एयरपोर्ट से इस गैंगस्टर को काबू किया। यह गैंगस्टर मूलरूप से सोनीपत के गांव सरधाना का रहने वाला है। शुरुआती पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि फर्जी दस्तावेज के आधार पर इसने पिछले साल पासपोर्ट बनवाया था।
इसके बाद यह दुबई से होते हुए मध्य अमेरिका के कोस्टा रिका देश में पहुंच गया था। इसने कबूल किया कि राहुल फाजिलपुर पर हमला, रोहित शौकिन की हत्या और सेक्टर-45 में एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय पर हमला इसकी तरफ से अपने शूटर के माध्यम से करवाया था। आरोपी सुनील सिंह के माध्यम से इन शूटर को हथियार उपलब्ध करवाए थे। 39 साल के इस गैंगस्टर पर हरियाणा के गुरुग्राम के अलावा जींद, रोहतक, झज्जर, हिसार, सोनीपत, अंबाला, भिवानी व पंचकूला, उत्तर प्रदेश के बागपत और आगरा में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, जान से मारने की धमकी देने के 24 मामले दर्ज हैं। तीन मामले उत्तर प्रदेश में दर्ज हैं, जबकि हरियाणा में 21 मामले दर्ज हैं। दो मामलों में इस आरोपी को सजा सुनाई जा चुकी है। इनमें आजीवन कारावास और 10 साल की सजा शामिल है। भिवानी में हत्या मामले में इस गैंगस्टर को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। इस मामले में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद यह फर्जी पासपोर्ट तैयार करके विदेश भाग गया था। इसने दिल्ली की वसुंधरा इंकलेव स्थित न्यू अशोक नगर निवासी सुनील सिंह के पत्ते पर फर्जी पासपोर्ट बनवाया था। गुरुग्राम पुलिस की तरफ से इस गैंगस्टर के सात साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इनकी पहचान विशाल, हितेश, गौतम उर्फ छोटू, रमनदीप उर्फ पेट्रोल, शुभम उर्फ काला, शक्ति पांचाल और रामनिवास उर्फ कालू के रूप में हुई थी। रविवार को इस आरोपी को अदालत में पेश करके पांच दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपी से पता किया जाएगा कि वह किस तरह से वारदात को अंजाम देता था। शूटरों को किस तरह हथियार मुहैया करवाता था और किस तरह उनके संपर्क में आता था। जुलाई में सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर हमला हुआ था गत जुलाई माह में बॉलीवुड सिंगर राहुल फाजिलपुरिया की कार पर गोली चलाई गई थी। एसपीआर रोड पर हुए इस हमले में राहुल फाजिलपुरिया बाल-बाल बच गए थे। बिजली के एक खंभे पर गोली लगी थी। इस घटना के बाद गैंगस्टर सुनील सिंह सरधानिया का नाम आया था। पंच कार में सवार होकर आए हमलावरों ने राहुल फाजिलपुरिया पर गोली चलाई थी। अगस्त माह में रोहित शौकिन की हत्या हुई थी गत अगस्त माह में एसपीआर पर सेक्टर-70 के समीप दिल्ली निवासी रोहित शौकिन की गोलियां मारकर हत्या की गई थी। रोहित को रुपये के लेन-देन को लेकर दीपक नांगल ने बुलाया था। बाइक सवार बदमाशों ने इसकी हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। इस हत्या में भी गैंगस्टर सुनील सिंह सरधानिया का नाम आया था। सितंबर माह में इस गैंगस्टर ने सेक्टर-45 में एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय पर अपने शूटरों के माध्यम से ताबड़तोड़ गोलियां चलवाई थी। अंतर्राष्ट्रीय दबाव पर भारत आने को मजबूर हुआ इस गैंगस्टर के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस ने लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) और रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया था। अंतर्राष्ट्रीय दबाव इस गैंगस्टर पर बनवाया गया। जैसे ही विदेश से यह दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचा तो गुरुग्राम पुलिस को पहले से इसकी जानकारी थी। दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचते ही इसको गिरफ्तार कर लिया। दीपक नांगल और सुनील सरधानिया एकसाथ मिलकर काम करते हैं राहुल फाजिलपुरिया पर गोली चलाने, रोहित शौकिन की हत्या मामले में दीपक नांदल का नाम भी सामने आया था। पुलिस के मुताबिक दीपक नांदल और सुनील सरधानिया एक साथ मिलकर अपराधिक वारदातों को अंजाम देते थे। दीपक नांदल को भी जल्द गिरफ्तार करने का दावा पुलिस ने किया है। क्या कहते हैं पुलिस उपायुक्त, पश्चिम अपराधियों को यह स्पष्ट मैसेज दिया है कि उनकी और पुलिस की लड़ाई में पुलिस उनसे एक कदम भी पीछे नहीं है। अपराधियों को मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा। किसी भी अपराधी या गैंगस्टर को हरियाणा पुलिस नहीं बक्शेगी। इन्हें सलाखों के पीछे डाला जाएगा। - करण गोयल, पुलिस उपायुक्त, पश्चिम, गुरुग्राम

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




