Gurgaon News: सेंट्रल प्लाजा मॉल फर्जीवाड़े में पुलिस आयुक्त से मिले
Gurgaon News: गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। सेक्टर-53 स्थित सेंट्रल प्लाजा मॉल फर्जीवाड़े में बुधवार को करीब 40 दुकानदारों ने पुलिस आयुक्त शिवास कविराज से मुलाकात

Gurgaon News: गुरुग्राम, दीपक आहूजा। सेक्टर-53 स्थित सेंट्रल प्लाजा मॉल फर्जीवाड़े में बुधवार को करीब 40 दुकानदारों ने पुलिस आयुक्त शिवास कविराज से मुलाकात की। उनसे आग्रह किया कि सीनियर बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड व एरेन्स इंफोटेक प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। दुकानदार योगेश सैनी, विमल जेटली, गुरजिंद्र गुलियानी आदि ने बताया कि इन कंपनियों ने करीब चार एकड़ में सेक्टर-53 में शॉपिंग मॉल बनाने के लिए साल 2002 में नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग से लाइसेंस लिया था। इसके बाद सेंट्रल प्लाजा मॉल के नाम से दुकानों की बुकिंग करनी शुरू कर दी। 23 जून, 2006 को इस बिल्डर ने इस शॉपिंग मॉल के कब्जा प्रमाण पत्र के आधार पर दुकानों की रजिस्ट्री प्रकिया शुरू कर दी। बिल्डर ने जुलाई, 2009 में इस शॉपिंग मॉल का घोषणा पत्र में नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के निदेशक कार्यालय में जमा करवा दिया。
फर्जी कब्जा मामला
इस फर्जी कब्जा प्रमाण पत्र के आधार पर 13 जुलाई, 2018 को थाना सेक्टर-53 में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसकी जानकारी कई साल के बाद दुकानदारों को लगी। नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के डीटीपीई कार्यालय ने जब इस मॉल को सील करने के लिए नोटिस प्रक्रिया शुरू की तो दुकानदारों ने पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर दी। उच्च न्यायालय ने निर्देश दिए कि दुकानदारों का पक्ष सुना जाए। दुकानदारों ने पुलिस आयुक्त से आग्रह किया कि इस मामले की जांच करवाकर फर्जीवाड़े में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
लाइसेंस रिन्यू फीस
बता दें कि नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के निदेशक कार्यालय ने अब दुकानदारों को बताया है कि लाइसेंस रिन्यू फीस के लिए करीब 19.64 करोड़ रुपये जमा करवाएं। 87.61 लाख रुपये बाहरी विकास शुल्क और बिना कब्जा प्रमाण पत्र के शॉपिंग मॉल को शुरू करने की एवज में करीब एक करोड़ रुपये जुर्माना फीस है, जिसका भुगतान करना होगा।


