मुख्यमंत्री आज क्रिकेट स्टेडियम मामले की सुनवाई करेंगे

Apr 02, 2026 11:39 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share

फरीदाबाद में फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की बोर्ड बैठक की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बैठक में सीएम नायब सिंह सैनी द्वारा शहर के विकास प्रोजेक्ट्स, जल आपूर्ति, सीवरेज नेटवर्क और यातायात व्यवस्था पर चर्चा की जाएगी। 4 अप्रैल को वे नगर निगम के कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।

मुख्यमंत्री आज क्रिकेट स्टेडियम मामले की सुनवाई करेंगे

फरीदाबाद। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की बोर्ड की बैठक को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। शुक्रवार को बैठक की अध्यक्षता सीएम एवं प्राधिकरण के चेयरमैन नायब सिंह सैनी करेंगे। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय राजा नाहर सिंह स्टेडियम, रेनीवेल और सड़कों के निर्माण पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। वहीं चार अप्रैल को वे नगर निगम के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। शहर में एफएमडीए के गठन के बाद यह सातवीं बोर्ड बैठक है। सूरजकुंड स्थित होटल राजहंस में होने वाली बैठक में शहर की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विस्तृत मंथन होगा। इसमें यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने, जल आपूर्ति में सुधार, सीवरेज नेटवर्क को सुदृढ़ करने और शहरी नियोजन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई प्रस्ताव रखे जाएंगे।

इसके साथ ही विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए आवश्यक बजट को मंजूरी दी जाएगी, जिससे रुकी हुई योजनाओं को गति मिल सके। बैठक का प्रमुख फोकस तेजी से विकसित हो रहे ग्रेटर फरीदाबाद क्षेत्र पर रहेगा। यहां प्रस्तावित 12 नए सेक्टरों के लिए बुनियादी ढांचे के विकास का विस्तृत रोडमैप तैयार किया जाएगा। इन सेक्टरों को मास्टर प्लान 2031 के तहत बसाया जाना है।इससे पूर्व यहां सीवर, पानी, सड़क और सार्वजनिक परिवहन जैसी मूलभूत सुविधाओं को विकसित किया जाना जरूरी है, जिससे सेक्टरों के बसने के बाद लोगों को सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े। ऐसे में एफएमडीए की यह बैठक भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक योजनाओं पर जोर दे सकती है। इससे न केवल वर्तमान समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि आने वाले वर्षों में क्षेत्र के संतुलित विकास का मार्ग भी प्रशस्त होगा। बैठक में रेनीवेल परियोजना भी चर्चा के केंद्र में रहेगी। यह परियोजना शहर की पेयजल आपूर्ति से सीधे तौर पर जुड़ी हुई है। पिछले कुछ समय से इस परियोजना में आ रही बाधाओं के चलते कई इलाकों में पानी की किल्लत बनी हुई है। ऐसे में इसके लंबित कार्यों की समीक्षा कर उन्हें जल्द पूरा करने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं। मुख्यमंत्री का यह दौरा केवल प्रशासनिक बैठकों तक सीमित नहीं रहेगा। चार अप्रैल को वे नगर निगम द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इस दौरान वे स्वच्छता शुभंकर और स्वच्छता कर्मिक का अनावरण करेंगे। साथ ही शहर में चल रही और प्रस्तावित कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे। इसी दिन आयोजित धन्यवाद एवं विकसित फरीदाबाद रैली में मुख्यमंत्री बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे और लोगों को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल करेंगे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।