जयपुर हाईवे पर चार फ्लाईओवर नवंबर तक बनेंगे
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर इस साल नवंबर तक चार फ्लाईओवर बनकर तैयार हो जाएंगे। पांचवां फ्लाईओवर अगले साल जुलाई तक पूरा होगा। एनएचएआई ने पिछले साल राठीवास, बिलासपुर, धारूहेड़ा और साल्हावास में फ्लाईओवर निर्माण का टेंडर आवंटित किया था। इससे यातायात सुगम होगा।

गुरुग्राम, दीपक आहूजा। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर इस साल नवंबर तक चार फ्लाईओवर बनकर तैयार हो जाएंगे। पांचवां फ्लाईओवर अगले साल जुलाई तक पूरा होगा। इन पांचों फ्लाईओवर बनने के बाद इस हाईवे पर यातायात सुगम हो जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की तरफ से इन फ्लाईओवर को तैयार करवाया जाएगा। एनएचएआई ने पिछले साल राठीवास, बिलासपुर, धारूहेड़ा और साल्हावास में फ्लाईओवर निर्माण का टेंडर आवंटित किया था। इन फ्लाईओवर की लंबाई 800 से 900 मीटर है। राठीवास फ्लाईओवर का निर्माण 15 जून तक हो जाएगा, जबकि बिलासपुर फ्लाईओवर को 15 अगस्त के आसपास यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। इस तरह अक्टूबर माह के अंत तक साल्हावास फ्लाईओवर बनकर तैयार हो जाएगा, जबकि नवंबर के अंत तक धारूहेड़ा फ्लाईओवर बनकर तैयार हो जाएगा। यह सभी फ्लाईओवर दोनों तरफ तीन-तीन लेन के होंगे। बता दें कि इनमें दो फ्लाईओवर गुरुग्राम जिला तो दो रेवाड़ी जिला में बन रहे हैं.
मानेसर में शुरू हुआ फ्लाईओवर का निर्माण
एनएचएआई ने मानेसर चौक पर फ्लाईओवर के निर्माण का टेंडर आवंटित कर दिया है। इसके तहत मौके पर निर्माण शुरू हो चुका है। एनएचएआई अधिकारियों ने दावा किया है कि इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य अगले साल जुलाई तक पूरा कर दिया जाएगा। इस फ्लाईओवर के निर्माण को लेकर यातायात पुलिस की तरफ से यातायात सलाह भी जारी की थी, जिससे कि लोगों को यातायात जाम में फंसना नहीं पड़े।
यातायात जाम लगता है
एनएच-48 पर पड़ रहे इन पांचों चौराहों पर यातायात जाम लगता है। कई बार तो रात के समय दो से तीन घंटे तक वाहन चालक यातायात जाम में फंसे रहते हैं। इस स्थिति को देखते हुए एनएचएआई ने इन चौराहों पर फ्लाईओवर निर्माण की योजना बनाई। इनके बनने के बाद वाहन चालकों को यातायात जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। कम समय में दिल्ली से जयपुर आना-जाना हो जाएगा। वैसे तो एनएचएआई ने राजीव चौक से गुरुग्राम-सोहना हाईवे होते हुए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक अधिकांश हिस्से को बना दिया है। जयपुर जाने के लिए अधिकांश वाहन चालक इस एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करते हैं.
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर पांच फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। ये फ्लाईओवर खेड़की दौला टोल प्लाजा से धारूहेड़ा तक बनाए जा रहे हैं। इनके बनने के बाद जयपुर आवागमन सुगम हो जाएगा।
- योगेश तिलक, परियोजना अधिकारी, एनएचएआई
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


