एनआईसी के दफ्तर में आग लगने से अफरातफरी
गुरुग्राम के लघु सचिवालय के एनआईसी कार्यालय में शुक्रवार को आग लग गई। आग का कारण बिजली के बोर्ड में शॉर्ट सर्किट बताया गया है। कर्मचारियों ने दमकल उपकरणों से आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यह घटना एक सप्ताह में सचिवालय में दूसरी बार हुई है।

गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। गुरुग्राम के लघु सचिवालय की दूसरी मंजिल पर स्थित राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) कार्यालय में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह बिजली के बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होना माना जा रहा है। गनीमत यह रही कि घटना के समय कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने हिम्मत और तत्परता दिखाते हुए दमकल उपकरणों की मदद से शुरुआती स्तर पर ही आग पर काबू पा लिया। इस सूझबूझ के कारण एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया। लघु सचिवालय परिसर में एक ही सप्ताह के भीतर आग लगने की यह दूसरी घटना है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर के समय एनआईसी कार्यालय के कंप्यूटर और इलेक्ट्रिकल सिस्टम से अचानक गहरा धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते जहरीला धुआं पूरी दूसरी मंजिल पर फैल गया, जिससे सचिवालय में काम कराने आए नागरिकों और कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे सचिवालय भवन की बिजली सप्लाई को तुरंत बंद कर दिया गया। बिजली कटने की वजह से पूरी बिल्डिंग में कुछ समय के लिए अंधेरा छा गया और घबराए हुए कर्मचारी व अधिकारी तुरंत कमरों से निकलकर खुले मैदान में आ गए。
दमकल विभाग के पहुंचने से पहले पाया काबू
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके के लिए रवाना हो गईं। हालांकि, दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही सजग कर्मचारियों ने दीवार पर लगे फायर सेफ्टी उपकरणों का इस्तेमाल कर आग को आगे बढ़ने से रोक दिया था। बाद में पहुंचे दमकल कर्मियों ने पूरी साइट का निरीक्षण किया और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही राहत की सांस ली। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
जिला अदालत के रिकॉर्ड रूम में भी लगी थी आग
सचिवालय परिसर में लगातार हो रहे इन हादसों से सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। बता दें कि बीते रविवार को भी लघु सचिवालय परिसर में स्थित जिला अदालत के रिकॉर्ड रूम में भीषण आग लग गई थी। उस हादसे में अदालतों का वर्षों पुराना कीमती रिकॉर्ड जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया था, जिसकी जांच अभी पुलिस और प्रशासन द्वारा की जा रही है। अब प्रशासनिक अधिकारियों ने सचिवालय की पूरी बिजली वायरिंग की नए सिरे से जांच शुरू करवा दी है。
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


