
डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एक तेज रफ्तार डंपर ने खाटू श्याम से लौट रहे दो बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में 24 वर्षीय रणधीर कुमार की मौत हो गई जबकि उसका साथी ओमवीर यादव गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गुरुग्राम, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सिधरावली फ्लाईओवर के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने खाटू श्याम से दर्शन कर लौट रहे दो बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में 24 वर्षीय युवक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। बिलासपुर थाना पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और हत्या की धाराओं के तहत मंगलवार को बिलासपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया है। बिहार के गया जिले के निवासी शुभम कुमार ने पुलिस को बताया कि उनका छोटा भाई 24 वर्षीय रणधीर कुमार अपने दोस्त गाजियाबाद निवासी ओमवीर यादव के साथ बाइक से राजस्थान के खाटू श्याम से गाजियाबाद लौट रहे थे।
सोमवार की रात करीब 11 बजे जब वे सिधरावली फ्लाईओवर के पास पहुंचे, तो पीछे से आ रहे एक डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रणधीर सीधे डंपर के टायर के नीचे आ गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। राहगीरों और पुलिस की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल, भोड़ाकला ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने रणधीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल ओमवीर यादव का इलाज चल रहा है। डंपर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। जांच अधिकारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस डंपर नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि डंपर की लोकेशन का पता लगाया जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




