Hindi NewsNcr NewsGurgaon NewsFarmer Killed in Train Accident at Gurugram Railway Track
ट्रेन की चपेट में आकर किसान की मौत

ट्रेन की चपेट में आकर किसान की मौत

संक्षेप:

गुरुग्राम में पातली-गढ़ी हरसरु रेलवे स्टेशन के बीच एक किसान संदीप कुमार की तेज रफ़्तार ट्रेन की चपेट में आकर मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना शनिवार सुबह हुई जब वह रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। पुलिस ने शव को बरामद कर परिजनों को सूचना दी और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की।

Nov 22, 2025 11:18 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share Share
Follow Us on

गुरुग्राम,प्रमुख संवाददाता। पातली-गढ़ी हरसरु रेलवे स्टेशन के बीच शनिवार तड़के एक दुर्घटना में एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा धानावास गांव के पास तब हुआ जब किसान रेलवे ट्रैक पार कर रहा था और अचानक किसी तेज रफ़्तार ट्रेन की चपेट में आ गया। सूचना मिलने पर पहुंची रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पहचान सुनिश्चित होने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पहचान फर्रुखनगर के मुशेदपुर गांव निवासी 45 वर्षीय संदीप कुमार के रूप में की गई है। संदीप कुमार गांव में खेत बटाई पर लेकर खेती-किसानी का काम करते थे।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

बताया जाता है कि उन्होंने धानावास गांव के पास रेलवे ट्रैक के दोनों तरफ कुछ खेत बटाई पर ले रखे थे। शनिवार को अलसुबह लगभग पांच बजे संदीप कुमार अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जब वह रेलवे ट्रैक को पार कर रहे थे, तभी वह किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने जब ट्रैक के बीच में शव पड़ा देखा तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची रेलवे पुलिस ने दोनों ट्रैक के बीच पड़े शव को बरामद किया। पुलिस ने पहचान सुनिश्चित होने के बाद मृतक के परिजनों को दुर्घटना की जानकारी दी। परिजनों के आने के बाद पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और शव को शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार इस संबंध में आगे की आवश्यक कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। ट्रैक पार करते समय हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर किसानों और आम जनता के लिए रेलवे ट्रैक के आस-पास सावधानी बरतने की आवश्यकता को रेखांकित किया है।