अगले सप्ताह तक कादरपुर से सेक्टर-56 बिजली घर जुड़ जाएगा
गुरुग्राम में बिजली आपूर्ति में सुधार, सेक्टर-56 को कादरपुर गांव के पावर हाउस से जोड़ा जाएगा। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम ने काम शुरू किया है ताकि सेक्टर-56 को पर्याप्त बिजली मिल सके।

गुरुग्राम, दीपक आहूजा। अगले सप्ताह में गांव कादरपुर स्थित 400केवी क्षमता के बिजली घर से सेक्टर-56 स्थित 220केवी क्षमता का बिजली घर जुड़ जाएगा। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम (एचवीपीएन) ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है। इन दोनों बिजली घर के जुड़ने से सेक्टर-72 के 400 केवी क्षमता के बिजली घर पर लोड कम हो जाएगा। दूसरी तरफ पाली स्थित 400 केवी बिजली घर से भी सेक्टर-56 को दोबारा जोड़ दिया है। इससे रैपिड मेट्रो के अलावा सेक्टर-55, 56 और 57 क्षेत्र को पर्याप्त बिजली मिलेगी।
बिजली घरों का जोड़ा जाएगा
मौजूदा समय में सेक्टर-56 का 220 केवी क्षमता का बिजली घर सेक्टर-72 स्थित 400 केवी क्षमता के बिजली घर से जुड़ा हुआ है। गत 21 मई को सेक्टर-72 के बिजली घर में फाल्ट आने की वजह से सेक्टर-56 का बिजली घर बंद हो गया था। इससे रैपिड मेट्रो का संचालन करीब 55 मिनट तक ठप रहा था। एचवीपीएन ने आनन-फानन में सेक्टर-72 के बिजली घर को ठीक किया था। साथ ही साथ पाली बिजली घर से सेक्टर-56 को जोड़कर बिजली सप्लाई को बहाल कर दिया था। दो दिन के बाद पाली के बिजली घर में फाल्ट आ गया था। इससे सेक्टर-56 के बिजली घर में आपूर्ति बंद हो गई थी।
नई योजना का आरंभ
एचवीपीएन के एक अधिकारी ने बताया कि कादरपुर के 400 केवीए बिजली घर से सेक्टर-65 के बिजली घर को जोड़ा जाएगा। इसके बाद इस बिजली घर से सेक्टर-56 के बिजली घर को जोड़ दिया जाएगा। इंडियन ऑयल की पाइप लाइन सेक्टर-56 में दो टावर के बीच बिजली केबल खींचने में आ रही थी। इंडियन ऑयल से मंजूरी मिलने के बाद तेजी से काम शुरू कर दिया है। दो-तीन दिन के अंदर यह काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद कादरपुर से सेक्टर-56 का बिजली घर जुड़ जाएगा।
वैकल्पिक इंतजाम
अभी सेक्टर-52 और सेक्टर-56 स्थित 220केवी क्षमता के बिजली घर पूर्णतया सेक्टर-72 के 400केवी बिजली घर पर आश्रित हैं। कादरपुर से बिजली सप्लाई शुरू होने के बाद वैकल्पिक बिजली सप्लाई का इंतजाम हो जाएगा। बिजली फाल्ट आने की स्थिति में पांच से दस मिनट के अंदर बिजली सप्लाई बहाल हो जाएगी।
प्रबंध निदेशक के समक्ष उठा विवाद
एचवीपीएन के फरीदाबाद अधिकारियों ने गुरुग्राम को पाली बिजली घर से बिजली सप्लाई देने से इंकार कर दिया था। यह मामला एचवीपीएन के प्रबंध निदेशक आदित्य दहिया के समक्ष पहुंच गया। प्रबंध निदेशक के आदेश के बाद गुरुग्राम को पाली के बिजली घर से बिजली मिलना शुरू हो गई है, लेकिन खास बात यह है कि इस बिजली घर में आई खराबी को गुरुग्राम एचवीपीएन की तरफ से ठीक करवाया गया।
-
प्रश्नों के लिए उत्तर
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


