
गैंगस्टर के करीबियों पर छापेमारी, 23 करोड़ के गहने-नगदी जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गैंगस्टर इंद्रजीत यादव के सहयोगियों पर कार्रवाई करते हुए 23 करोड़ रुपये की नकदी और जेवरात जब्त किए हैं। छापेमारी में 6.24 करोड़ रुपये की नकदी और 17.4 करोड़ रुपये के जेवरात शामिल हैं। इंद्रजीत के करीबी सहयोगी अमन कुमार से 5.12 करोड़ रुपये की नकदी भी जब्त की गई है।
गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गैंगस्टर इंद्रजीत यादव के सहयोगियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। गैंगस्टर के सहयोगियों की 23 करोड़ रुपये की नगदी और जेवरात को जब्त कर लिया है। 30 दिसंबर से लेकर एक जनवरी तक एनसीआर में चली छापेमारी के तहत ईडी ने 6.24 करोड़ रुपये की नकदी, 17.4 करोड़ रुपये की कीमत के जेवरात को जब्त किया है। इसके अलावा 35 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज और भारी मात्रा में डिजिटल डेट को अपने कब्जे में लिया है। ईडी के मुताबिक गैंगस्टर का सबसे करीबी सहयोगी अमन कुमार है। यह निजी फाइनेंसरों के साथ जबरन ऋण सेटलमेंट और फंड की हेराफेरी में शामिल था।
ये अपराध की कमाई को छिपाने की कोशिश कर रहा था। ईडी ने दिल्ली के सर्वप्रिय विहार में इसके ठिकाने पर छापा मारा। यहां से 5.12 करोड़ रुपये की नकदी और 8.80 करोड़ रुपये के जेवरात जब्त किए। गैंगस्टर इंद्रजीत जैम रिकार्डस इंटरटेनमेंट का मालिक और मुख्य संचालक है। हरियाणा और उत्तर प्रदेश पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या, जबरन वसूली, हथियारों के दल पर डराने-धमकाने और धोखाधड़ी जैसे गंभीर अपराधों में 15 से अधिक मुकदमे दर्ज किए हुए हैं। ईडी के मुताबिक यह गैंगस्टर अपोलो ग्रीन एनर्जी लिमिटेड और निजी फाइनेंसरों के बीच करोड़ों रुपये के विवादित लेनदेन का हथियारों के बल पर जबरन समझौता कराकर मोटा कमीशन कमाता था। यूएई से ऑपरेट कर रहा है नेटवर्क वर्तमान में यह गैंगस्टर फरार है। बताया जा रहा है कि वह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से अपना काला साम्राज्य चला रहा है। इससे पहले की छापेमारी में भी ईडी ने पांच लग्जरी कारें और भारी नगदी जब्त की थी। जांच एजेंसी अब इंद्रजीत के परिवार के सदस्यों के नाम पर खरीदी गई चल-अचल संपत्तियों और विदेशों में भेजे गए पैसे की कड़ियों को जोड़ रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




