
तीन इलाकों में अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला
फरीदाबाद में डीटीपी (इंफोर्समेंट) ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। सोमवार को, गांवों में बुलडोजर चलाकर नौ स्थायी ढांचे और अन्य अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि बिना कानूनी अनुमति के निर्माण जारी रहने पर कार्रवाई जारी रहेगी।
फरीदाबाद। शहर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ डीटीपी (इंफोर्समेंट) की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। सोमवार को डीटीपी की टीम ने गांव नंगला माजरा चांदपुर, रायपुर कलां और जफरपुर माजरा घरौड़ा में अवैध तरीके से कॉलोनियां बसाकर यहां बनाए गए मकानों पर बुलडजोर चला दिया। मौके पर लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन पुलिस ने समझबुझा कर शांत कर दिया। डीटीपी इन्फोर्समेंट को कई दिनों से तीनों गांव में अवैध कॉलोनियां बसने की सूचना मिल रही थी। सूचना के आधार पर तोड़फोड़ के लिए टीम गठित की गई। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर बने नौ स्थायी ढांचों को ध्वस्त कर दिया।
इन ढांचों में दो प्रॉपर्टी डीलर कार्यालय भी शामिल थे, जहां से अवैध कॉलोनियों की खरीद-फरोख्त की जा रही थी। इसके अलावा तीन निर्माणाधीन ढांचे, करीब 60 डीपीसी (डैम्प प्रूफ कोर्स) और दो अवैध बाउंड्री वॉल को भी तोड़ दिया गया। डीटीपी इंफोर्समेंट के अधिकारी यजन चौधरी ने बताया कि यह सभी निर्माण बिना किसी वैधानिक अनुमति के किए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से पहले भी संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद अवैध निर्माण और कॉलोनियों का विकास जारी रखा गया। इसी कारण विभाग को यह कठोर कदम उठाना पड़ा। डीटीपी विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जमीन खरीदने या निर्माण कराने से पहले उसकी कानूनी स्थिति की पूरी जांच जरूर करें। बिना लाइसेंस या मंजूरी वाली जमीन में निवेश करने से न केवल कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है, बल्कि आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




