
अच्छी खबर: द्रोणाचार्य गवर्नमेंट कॉलेज में तैयार हो रहा फुटबॉल ग्राउंड
- बड़ी संख्या में खिलाड़ियों को मिलेगा फायदा स्पोर्ट्स कॉलेज के नाम से भी है कॉलेज की पहचान
गुरुग्राम। रेलवे रोड स्थित द्रोणाचार्य गवर्नमेंट कॉलेज में खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी पहल की जा रही है। कॉलेज परिसर में अत्याधुनिक फुटबॉल ग्राउंड तैयार किया जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में खेलों से जुड़े छात्र-छात्राओं को सीधा लाभ मिलेगा। यह ग्राउंड एम3एम की ओर से तैयार किया गया है और इसके साथ-साथ कॉलेज में अन्य खेल सुविधाओं को भी चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जा रहा है। कॉलेज पहले से ही स्पोर्ट्स कॉलेज के नाम से पहचाना जाता है। यहां हजारों की संख्या में छात्र पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में सक्रिय रूप से भाग लेते हैं।
ऐसे में फुटबॉल ग्राउंड के निर्माण से न केवल प्रशिक्षण की गुणवत्ता बेहतर होगी, बल्कि खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए एक मजबूत मंच भी मिलेगा। नए फुटबॉल ग्राउंड के तैयार होने से कॉलेज के छात्र नियमित अभ्यास कर सकेंगे। इससे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी में भी मदद मिलेगी। फुटबॉल के साथ-साथ भविष्य में क्रिकेट, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, कबड्डी और अन्य आउटडोर खेलों के लिए भी मैदान और सुविधाएं विकसित करने की योजना है। इससे कॉलेज परिसर में खेलों का माहौल और अधिक मजबूत होगा। पढ़ाई के साथ खेलों पर भी फोकस: कॉलेज में पढ़ने वाले कई छात्र खेलों को करियर के रूप में अपनाना चाहते हैं। बेहतर ग्राउंड और सुविधाएं मिलने से उनकी प्रतिभा निखरेगी और उन्हें प्रोफेशनल ट्रेनिंग का अवसर मिलेगा। साथ ही, नियमित खेल गतिविधियों से छात्रों का शारीरिक और मानसिक विकास भी होगा। स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट के एचओडी सुनील डबास का कहना है कि खेल न केवल फिटनेस के लिए जरूरी हैं, बल्कि अनुशासन, टीम वर्क और नेतृत्व जैसे गुण भी विकसित करते हैं। इसी सोच के तहत धीरे-धीरे पूरे परिसर में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। पढ़ाई के साथ खेलों में आगे बढ़ने का मौका: कॉलेज की प्रिंसिपल पुष्पा अंतिल ने कहा कि द्रोणाचार्य गवर्नमेंट कॉलेज में खेलों का एक मजबूत आधार रहा है। फुटबॉल ग्राउंड के निर्माण से हमारे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर मिलेगा। आने वाले समय में अन्य खेलों की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, ताकि छात्र पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ सकें। द्रोणाचार्य गवर्नमेंट कॉलेज के छात्रों ने इंटर कॉलेज खेल प्रतियोगिताओं से लेकर यूनिवर्सिटी और इंटर यूनिवर्सिटी लेवल तक बीते वर्षों में शानदार प्रदर्शन किया है। बीते कुछ वर्षों से अब तक कॉलेज के खिलाड़ी लगातार विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। खासतौर पर पिछले कुछ वर्षों में छात्रों ने फुटबॉल, एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल और अन्य खेलों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इस वर्ष भी कॉलेज के खिलाड़ी अलग-अलग प्रतियोगिताओं में विजेता बनकर लौट रहे हैं, जिससे कॉलेज की स्पोर्ट्स पहचान और मजबूत हुई है। ऐसे में नए फुटबॉल ग्राउंड और अन्य आधुनिक खेल संसाधन खिलाड़ियों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होंगे। बेहतर मैदान, नियमित अभ्यास और प्रोफेशनल तैयारी से खिलाड़ियों के प्रदर्शन में और निखार आएगा, जिससे भविष्य में कॉलेज को और अधिक पदक और सम्मान मिलने की उम्मीद है। नए संसाधन न केवल मौजूदा खिलाड़ियों को लाभ देंगे, बल्कि नए और उभरते खिलाड़ियों को भी आगे आने का अवसर प्रदान करेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




