
गुरुग्राम की टीम ने हिसार को हराकर सेमीफाइनल में किया प्रवेश
- द्रोणाचार्य कॉलेज के कप्तान सौभाग्य की नाबाद 90 रन की पारी और सत्यम की घातक गेंदबाजी से 6 विकेट से मिली शानदार जीत
गुरुग्राम। हरियाणा स्टेट डायरेक्टरेट ऑफ हायर एजुकेशन (डीजीएचई) द्वारा आयोजित अंतर-महाविद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट में गुरुग्राम की द्रोणाचार्य गवर्नमेंट कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में दयानंद कॉलेज हिसार को 6 विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ द्रोणाचार्य कॉलेज ने सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया और खिताब की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिया। यह मुकाबले कुरुक्षेत्र में आयोजित किए जा रहे हैं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दयानंद कॉलेज, हिसार की टीम को द्रोणाचार्य कॉलेज के गेंदबाजों ने शुरू से ही दबाव में रखा। उप-कप्तान सत्यम ने शानदार अनुशासन के साथ गेंदबाजी करते हुए 3 अहम विकेट झटके और हिसार की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
उनका बेहतरीन साथ मन्नू और बृजेश ने निभाया, जिन्होंने सटीक लाइन-लेंथ से रन गति पर अंकुश लगाया। नतीजतन हिसार की पूरी टीम 180 रन के स्कोर पर सिमट गई। 181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी द्रोणाचार्य कॉलेज की टीम ने संयमित शुरुआत की। कप्तान सौभाग्य ने एक छोर संभाले रखा और जरूरत के मुताबिक आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाते हुए नाबाद 90 रनों की कप्तानी पारी खेली और टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। दूसरे छोर पर कपिल ने शानदार अर्धशतकीय पारी (50 रन) खेलकर कप्तान का पूरा साथ दिया। मध्यक्रम में योगेश के 25 और हैप्पी के 20 अहम रनों ने टीम की जीत को और आसान बना दिया। हिसार के गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन द्रोणाचार्य कॉलेज के बल्लेबाजों ने आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। यह जीत पूरी तरह टीम वर्क और संतुलित प्रदर्शन का नतीजा रही। इस शानदार उपलब्धि पर कॉलेज की प्राचार्य डॉ. पुष्पा अंतिल ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत कॉलेज के लिए गर्व का विषय है। खेल विभागाध्यक्ष पद्मश्री सुनील डबास, कविता सहरावत और डॉ. राकेश कुमार ने भी टीम को सेमीफाइनल के लिए शुभकामनाएं दीं और खिलाड़ियों के अनुशासन व मेहनत की सराहना की। वहीं द्रोणाचार्य कॉलेज की टीम का कहना है कि इन मुकाबले में वह आगे भी अच्छा करेंगे। लेकिन इससे पहले बीते कुछ माह पहले गुरुग्राम यूनिवर्सिटी के मुकाबले में उन्हें जानबूझकर खेलों से बाहर कर दिया गया था। खिलाड़ियों ने आरोप लगाया कि वह पिछले 6 वर्षों से चैंपियन रहे हैं लेकिन यूनिवर्सिटी के खेलों में उनके साथ पक्षपात हुआ था लेकिन अब जो डीजीएचई मैच हो रहे हैं, इसमें वह जरूर खिताब जीत कर लौटेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




