
बस और ट्रेन समय पर न मिलने से यात्री भटके
गुरुग्राम में घने कोहरे के कारण परिवहन व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हुई है। सोमवार को बसों और ट्रेनों में भारी देरी हुई, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे की वजह से दृश्यता कम होने से बसें 1 से 2 घंटे देर से पहुंचीं, और कई ट्रेनें भी निर्धारित समय से पीछे रहीं।
गुरुग्राम। उत्तर भारत में छाई घने कोहरे की चादर ने मिलेनियम सिटी की परिवहन व्यवस्था को पूरी तरह पटरी से उतार दिया है। सोमवार को सीजन के पहले सबसे घने कोहरे के कारण सार्वजनिक परिवहन सेवाओं पर इसका सबसे घातक असर देखा गया। कोहरे की वजह से दृश्यता कम होने के कारण गुरुग्राम रोडवेज डिपो की बसों और यहां से गुजरने वाली प्रमुख ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया, जिससे हजारों यात्रियों को बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर भटकना पड़ा। गुरुग्राम डिपो से चलने वाली 25 से अधिक रोडवेज बसें कोहरे के कारण अपने निर्धारित समय से 1 से 2 घंटे की देरी से गंतव्य तक पहुंचीं।

कोहरे की सघनता इतनी अधिक थी कि चालक सुरक्षित दूरी और धीमी गति बनाए रखने के लिए मजबूर थे। विशेष रूप से लंबी दूरी के दस मुख्य रूटों पर यात्री घंटों इंतजार करते देखे गए। गुरुग्राम से चंडीगढ़, हिसार, सिरसा, आगरा, जयपुर, मथुरा, पंचमुखी, हरिद्वार और भिवानी जैसे रूटों पर चलने वाली बसें कोहरे के कारण बीच रास्ते में फंसी रहीं। यात्रियों की परेशानी: सुबह जल्दी निकलने वाले दैनिक यात्रियों और नौकरीपेशा लोगों को बस अड्डे पर ठिठुरन के बीच घंटों खड़ा होना पड़ा। पूछताछ केंद्रों पर यात्रियों की भारी भीड़ अपनी बस की लोकेशन जानने के लिए परेशान दिखी। बस अड्डे परिसर में सुबह यात्रियों की भीड़ लग रही है। चंडीगढ, मेरठ, हरिद्वार जैसे रुटों पर कई घंटे तक बसें नहीं आई। पौने तीन घंटे तक की देरी से चलीं ट्रेनें सिर्फ सड़कें ही नहीं, बल्कि पटरियों पर भी कोहरे का जबरदस्त असर रहा। गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली लंबी दूरी की महत्वपूर्ण ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी पिछड़ गईं। कोहरे के कारण सिग्नल की दृश्यता कम होने से लोको पायलट्स ने सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेनों की गति कम रखी। गरीब नवाज एक्सप्रेस, 2 घंटे 41 मिनट, पीबीआर एक्सप्रेस -2 घंटे 32 मिनट, सैनिक एक्सप्रेस (दिल्ली-जयपुर) 58 मिनट, भुज एक्सप्रेस-42 मिनट, शालिमार एक्सप्रेस -31 मिनट, आश्रम एक्सप्रेस -18 मिनट तक देरी से पहुंची। स्टेशनों पर भीड़ और ठंड का सितम गुरुग्राम रेलवे स्टेशन और मुख्य बस अड्डे पर सोमवार को भारी भीड़ देखी गई। ट्रेनों और बसों की सही जानकारी न मिल पाने के कारण यात्री मोबाइल ऐप और पूछताछ खिड़की के चक्कर लगाते रहे। छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ सफर करने वाले परिवारों के लिए यह स्थिति और भी कष्टकारी रही। स्टेशन पर उपलब्ध प्रतीक्षालय खचाखच भरे रहे और कई यात्री प्लेटफार्मों पर ही अलाव या चाय के सहारे समय काटते नजर आए। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटों में कोहरा और भी घना हो सकता है। ऐसे में परिवहन विभाग ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले हेल्पलाइन नंबर या आधिकारिक ऐप के जरिए अपनी बस या ट्रेन की लाइव स्थिति जरूर जांच लें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




