नेताजी सुभाष चंद्र मार्ग पर यातायात को सुगम करने में देरी

Apr 05, 2026 11:29 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share

गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस मार्ग पर यातायात प्रबंधन योजना में देरी हो रही है। जीएमडीए और यातायात पुलिस ने योजना बनाई थी, लेकिन दो महीने बीतने के बावजूद कार्य शुरू नहीं हो सका। इस मार्ग पर प्रतिदिन 70-80 हजार वाहनों का आवागमन होता है, जिससे जाम की समस्या बढ़ रही है।

नेताजी सुभाष चंद्र मार्ग पर यातायात को सुगम करने में देरी

गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) की तरफ से नेताजी सुभाष चंद्र बोस मार्ग पर यातायात को सुगम करने में देरी की जा रही है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) और यातायात पुलिस ने इस मार्ग पर यातायात को सुगम करने की योजना बनाई थी, लेकिन दो महीने बीतने के बावजूद इस योजना पर काम शुरू नहीं हो सका है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस मार्ग पर मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से लेकर हीरो होंडा चौक तक ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का निर्माण किया जाना है। मिलेनियम सिटी से लेकर बख्तावर चौक तक और सुभाष चौक से यूनिटैक एसईजेड तक जीएमआरएल ने बेरीकेडिंग करवाकर एक-एक लेन को दोनों तरफ से बंद कर दिया है।

मुख्य सड़क की तीन-तीन लेन में से एक-एक लेन बंद होने की वजह से सुबह और शाम के समय इस मार्ग पर यातायात जाम लगने लगा है। वाहन चालकों की परेशानी को देखते हुए जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा को आदेश जारी किए थे कि यातायात पुलिस के साथ मिलकर इस मार्ग पर यातायात को सुगम करने की योजना बनाई जाए। बता दें कि इस मार्ग पर रोजाना 70 से 80 हजार वाहनों का आवागमन होता है। सुबह और शाम के समय वाहनों की संख्या इस मार्ग पर बेहद अधिक होती है। सेक्टर-44 में करीब 500 कंपनियों के कार्यालय हैं। सेक्टर-39 में यूनिटैक साइबर पार्क में भी सैकड़ों कार्यालय हैं।क्या होना था योजना के तहतसर्वे के मुताबिक इस मुख्य सड़क के दोनों तरफ 12 सेक्टर हैं। इनमें सेक्टर-33, 34, 38 से 41, 44, 48 और 72ए शामिल हैं। इसके अलावा 12 कट बंद करने थे। इनमें एक कट सेक्टर-44, दूसरा सेक्टर-41 में बंद करना था। सेक्टर-46 में तीन, सेक्टर-39 में छह कट और सेक्टर-47 में एक कट को बंद करना था। यह कट जीएमडीए कार्यालय, ग्रीनवुड सिटी, यूनिटैक साइबर पार्क, झाड़सा, सेक्टर-47 में स्टेट विजिलेंस कार्यालय के आसपास हैं। इसके अलावा इस योजना के तहत सर्विस रोड से मुख्य सड़क और मुख्य सड़क से सर्विस रोड की तरफ 33 प्रवेश और निकासी द्वार बनाए जाने थे। इसका मकसद यह है कि आसपास लगते सेक्टरों के वाहन सर्विस रोड पर अधिक चलें। सर्विस रोड से मुख्य रोड पर आने के दौरान उन्हें किसी तरह की असुविधा नहीं आए। मुख्य सड़क से सर्विस रोड पर जब मुड़े तो उन्हें यातायात जाम में नहीं फंसना पड़े।नेताजी सुभाष चंद्र मार्ग पर ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का निर्माण चल रहा है। जीएमआरएल से 12 कट को बंद करने और 33 नए प्रवेश और निकासी बनाने के पत्र लिखा था। यातायात सुगम करने की तरफ जीएमआरएल ने कदम नहीं उठाया है। उनसे दोबारा आग्रह किया जाएगा कि इन कार्यों को किया जाए।- अमित गोदारा, कार्यकारी अभियंता, जीएमडीए

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।