बख्तावर चौक पर अंडरपास या फ्लाईओवर निर्माण पर फैसला होगा
गुरुग्राम, कार्यालय संवाददाता। नेताजी सुभाष चंद्र बोस मार्ग स्थित बख्तावर चौक पर अंडरपास का निर्माण किया जाए या फ्लाईओवर का, अभी तक यह फैसला नहीं हो स

गुरुग्राम। नेताजी सुभाष चंद्र बोस मार्ग स्थित बख्तावर चौक पर अंडरपास का निर्माण किया जाए या फ्लाईओवर का, अभी तक यह फैसला नहीं हो सका है। इस मुद्दे को इंजीनियरिंग शाखा की तरफ से गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा के समक्ष रखा जाएगा। इसमें निर्णय लिया जाएगा। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने साल 2021 में बख्तावर चौक पर अंडरपास निर्माण की योजना बनाई थी। जनवरी, 2023 में करीब 80 करोड़ रुपये की इस परियोजना को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में रखा गया था। मंजूरी मिलने के बाद जीएमडीए ने इसके निर्माण को लेकर हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कार्पोरेशन से अनापत्ति प्रमाण पत्र मांगा था।
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के चलते इस चौक पर अंडरपास की योजना अटक गई।पिछले साल मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में फैसला हुआ कि इस अंडरपास का निर्माण गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) की तरफ से करवाया जाएगा। गत सात फरवरी को जीएमडीए ने जीएमआरएल की तरफ से तैयार किए गए डिजाइन को अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कर दिया। जीएमआरएल ने अब सुझाव दिया है कि इस चौक पर अंडरपास की जगह फ्लाईओवर का निर्माण किया जाए। फ्लाईओवर के ऊपर मेट्रो का संचालन किया जाएगा।बता दें कि ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के तहत जीएमआरएल ने मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से लेकर सेक्टर-नौ तक मेट्रो मार्ग तैयार करने का ठेका एक कंपनी को आवंटित कर दिया है। इस कंपनी की तरफ से सेक्टर-44 से लेकर गांव झाड़सा पुलिस चौकी तक तेज गति से निर्माण किया जा रहा है, लेकिन इससे आगे अभी निर्माण शुरू नहीं हो सका है। इसका कारण बख्तावर चौक पर अंडरपास या फ्लाईओवर के निर्माण का फैसला नहीं होना और हीरो होंडा चौक से लेकर उमंग भारद्वाज चौक तक मेट्रो मार्ग निर्माण के लिए जमीन नहीं मिलना शामिल है।जीएमआरएल ने योजना बदलाव के बताए कारणजीएमआएल ने योजना में बदलाव करने के पीछे कारण बताए कि अंडरपास बनने से मॉनसून के दौरान इसमें पानी भरने की संभावना बनी रहेगी। फ्लाईओवर बनने के बाद यह स्थिति नहीं बनेगी। फ्लाईओवर बनने के बाद इस चौराहे पर तीन अतिरिक्त लेन मिल जाएंगी, जिससे मेदांता की तरफ यातायात आसान हो जाएगा। यह भी कहा कि यदि फ्लाईओवर को तैयार किया जाता है तो अंडरपास के मुकाबले इसका निर्माण जल्दी होगी। इसके निर्माण के दौरान यातायात प्रभावित नहीं होगा। अंडरपास को लेकर खुदाई के दौरान यातायात प्रभावित होगा।कोट :-बख्तावर चौक पर अंडरपास निर्माण को मंजूरी मिली हुई है। जीएमआरएल ने इस चौक पर फ्लाईओवर के निर्माण का प्रस्ताव दिया है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी के समक्ष जीएमआरएल के प्रस्ताव को रखा जाएगा। इसके बाद कोई फैसला होगा।- अमित गोदारा, कार्यकारी अभियंता, जीएमडीए
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


