सर्विस रोड पर धंसी सड़क, गड्ढे से हादसे का डर

Newswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share

- 48 घंटे बीते, कोई भी सरकारी विभाग सुध लेने नहीं पहुंचा सर्विस रोड पर धंसी सड़क, फीट गहरा गड्ढा दे

सर्विस रोड पर धंसी सड़क, गड्ढे से हादसे का डर

सोहन, संवाददाता। शहर पुलिस थाने से बाजार की तरफ जाने वाले रास्ते पर सर्विस रोड के चौराहे पर अचानक सड़क धंसने से एक बड़ा गड्ढा बन गया है। करीब 48 घंटे बीत जाने के बाद भी किसी सरकारी विभाग ने इस जानलेवा गड्ढे को भरने की सुध नहीं ली है। चौराहे के बीचों-बीच बने इस गड्ढे के कारण हर समय एक बड़े हादसे का डर बना हुआ है, लेकिन प्रशासनिक अमला पूरी तरह से बेपरवाह नजर आ रहा है। जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले एक भारी वाहन के गुजरने से सर्विस रोड का यह हिस्सा अचानक धंस गया। इससे वहां करीब पांच फीट लंबा, पांच फीट चौड़ा और पांच फीट गहरा गड्ढा बन गया है।

गड्ढे के आसपास से वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी लगातार कट रही है, जिससे सड़क की ऊपरी परत और भी पतली और खोखली होती जा रही है। रात के अंधेरे में कोई वाहन इसमें न गिरे, इसके लिए फिलहाल पुलिस ने वहां एक बैरिकेड लगा दिया है। चूंकि इस चौराहे से 24 घंटे वाहनों का आना-जाना लगा रहता है, इसलिए गड्ढा चौड़ा होने की स्थिति में कभी भी कोई दोपहिया या चौपहिया वाहन इसमें गिर सकता है, जिससे बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता है।अधिकारियों की अनदेखी और विभागों की टालमटोल48 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी नगर परिषद या लोक निर्माण विभाग का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मौके पर मुआयना करने नहीं पहुंचा है। रविवार होने के कारण जब दोनों विभागों के अधिकारियों से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो किसी ने फोन उठाना भी मुनासिब नहीं समझा। वहीं, जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि वहां उनकी पानी की लाइन में कोई रिसाव नहीं है। उनके अनुसार, यह सड़क लोक निर्माण विभाग की है और उसके नीचे से जा रहा नाला नगर परिषद का है। यह गड्ढा नाले के ऊपर से भारी वाहन के गुजरने के कारण बना है।पार्षद ने जताई अनभिज्ञता, सोमवार को कार्रवाई का आश्वासनशहर थाने का यह क्षेत्र नगर परिषद के वार्ड नंबर 14 के अंतर्गत आता है। जब इस जानलेवा गड्ढे के बारे में वार्ड पार्षद नीरज सिंगला से बात की गई, तो उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी होने से ही इनकार कर दिया। हालांकि, उन्होंने आश्वासन दिया है कि सोमवार को वह संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात कर इस गड्ढे की मरम्मत का कार्य जल्द से जल्द करवाएंगे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।